बक्सर: राजपुर के तिवाय गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर मारपीट और चाकूबाजी, पांच घायल

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल में इलाजरत घायल लोग

राजपुर थाना क्षेत्र के तिवाय गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई. इस हिंसक झड़प में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है.

विज्ञापन

Buxar crime news: राजपुर थाना क्षेत्र के तिवाय गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी की घटना सामने आई है. हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के एक महिला सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में पहले पक्ष के भीम गोंड और तेतरी देवी तथा दूसरे पक्ष के धरिक्षण राजभर, विजय कुशवाहा और उनकी पत्नी बिन्दा देवी शामिल हैं.

सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ विवाद

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, एक पक्ष ने बिहार सरकार की जमीन पर कब्जा कर रखा था. इसी जमीन पर दूसरा पक्ष भी कब्जा करना चाह रहा था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई. इसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और चाकू चलने लगे. इस दौरान धारदार चाकू से कुछ लोगों के जांघ, पेट समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

सूचना पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल भेजा

चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा. घटना के बाद विवादित जमीन को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है.

कई बार दिया गया था आवेदन

ग्रामीणों के अनुसार, विवादित जमीन को लेकर चौसा अंचल कार्यालय में कई बार आवेदन दिया गया था. इसके बावजूद मामला नहीं सुलझा, जिसके बाद यह घटना हो गई.

प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
पंकज कुमार कमल

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार कमल

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन