महिलाओं ने रचा महोत्सव में नया उत्साह और आकर्षण

तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव के साथ महिला महोत्सव भी रविवार की शाम उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हो गया.
राजगीर. तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव के साथ महिला महोत्सव भी रविवार की शाम उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हो गया. इस अवसर पर आयोजित महिला महोत्सव में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास व रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया. कार्यक्रम स्थल पर उल्लासपूर्ण वातावरण देखने को मिला, जहां हर आयु वर्ग की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने महोत्सव को विशेष पहचान दी. महिला महोत्सव में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विभिन्न शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े शिक्षक-शिक्षिकाएं, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में छात्राओं के अलावे इनर व्हील क्लब और अंबेडकर आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. इस मंच पर महिलाओं ने अपने-अपने कला और कौशल के माध्यम से महोत्सव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नृत्य, गीत, चित्रकला, हस्तकला, रैंप वाॅक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के जरिए महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली परिचय दिया. महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें पारंपरिक कला, रचनात्मक लेखन, रंगोली, हस्तशिल्प और अन्य कौशल आधारित प्रतियोगिताएं शामिल रहीं. इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के बीच उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया. समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और छात्राओं को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. अधिकारियों ने अपने संबोधन में महिलाओं की प्रतिभा और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है. उनमें आत्मनिर्भरता व नेतृत्व क्षमता का विकास होता है. महिला महोत्सव का सफल आयोजन न केवल महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रतीक बना, बल्कि राजगीर महोत्सव की गरिमा और आकर्षण को भी और अधिक बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. डीएम कुंदन कुमार और एसपी भारत सोनी सहित अनेकों पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बर्धन किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




