झारखंड: मंत्री राधाकृष्ण किशोर अस्पताल में भर्ती, बंगाल चुनाव प्रचार से लौटते ही बिगड़ी तबीयत, CM ने जाना हालचाल
Published by : Sameer Oraon Updated At : 28 Apr 2026 6:56 PM
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर
Radhakrishna Kishore: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर को मंगलवार सुबह रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान अत्यधिक गर्मी और लू लगने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना और विशेषज्ञों की टीम को बेहतर इलाज के निर्देश दिए. पढ़ें, वित्त मंत्री के ताजा अपडेट.
Radhakrishna Kishore, रांची : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गई है. मंगलवार सुबह अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें रांची के लालपुर स्थित सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, मंत्री को लू (Heatstroke) लगने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण उन्हें अत्यधिक कमजोरी और असहजता महसूस हो रही थी.
बंगाल चुनाव प्रचार में व्यस्त थे मंत्री
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्री पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी के लिए सघन चुनाव प्रचार में व्यस्त थे. वहां, भीषण गर्मी और लगातार दौरों के कारण उनकी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा. सोमवार को वे बंगाल से सीधे मेदिनीनगर (पलामू) पहुंचे थे, जहां उनके अस्वस्थ होने की सूचना मिली थी. तबीयत में सुधार न होता देख वे सोमवार शाम को ही पलामू से रांची लौट आए थे, लेकिन रात में स्थिति अधिक बिगड़ने के बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया.
सीएम हेमंत सोरेन ने सादगी के साथ किया दौरा
वित्त मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सक्रिय हो गए. वे बिना किसी भारी सुरक्षा काफिले के सीधे सेंटेविटा अस्पताल पहुंचे. जहां उन्होंने भर्ती राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से भी विस्तार से बात की और मंत्री के बेहतर स्वास्थ्य लाभ के लिए हर संभव चिकित्सकीय सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सादगी की चर्चा और डॉक्टरों की निगरानी
अस्पताल से निकलने के बाद सीएम कुछ देर के लिए कांके रोड स्थित अपने आवास पहुंचे और फिर वहां से अपनी निजी गाड़ी में निकल गए. उनके साथ केवल झामुमो के केंद्रीय सचिव अभिषेक प्रसाद पिंटू और सुरक्षा कर्मी अजय सिंह ही मौजूद थे. इधर, सेंटेविटा अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, वित्त मंत्री की स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन उन्हें डॉक्टरों की गहन निगरानी (Observation) में रखा गया है. डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी जांच कर रही है और उनकी स्थिति को देखते हुए आवश्यक मेडिकल टेस्ट और उपचार प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










