नालंदा में ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर में चोरी, पालकालीन भगवान विष्णु, सूर्य और बुद्ध की प्रतिमाएं ले उड़े चोर

Updated:
विज्ञापन
फोटो:तेतरावां गांव के ऐतिहासिक बुद्ध. | Prabhat Khabar Network

फोटो:तेतरावां गांव के ऐतिहासिक बुद्ध. | Prabhat Khabar Network

बिहार के नालंदा में तेतरावां गांव के ऐतिहासिक मंदिर से भगवान विष्णु और सूर्य देव की बेशकीमती मूर्तियां चोरी हो गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

विज्ञापन

Nalanda News : नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव स्थित ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात हुई. अज्ञात चोर मंदिर का ताला और कुंडी तोड़कर लाखों रुपये मूल्य की पालकालीन प्राचीन मूर्तियां चुरा ले गए. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

भगवान विष्णु, सूर्य देव और बुद्ध की प्रतिमा चोरी

चोरी गई मूर्तियों में भगवान विष्णु, सूर्य देव और भगवान बुद्ध की एक खंडित प्रतिमा शामिल है. गुरुवार सुबह जब ग्रामीण नियमित साफ-सफाई के लिए मंदिर पहुंचे, तब घटना का पता चला.

टूटा मिला ताला, अंदर से गायब थीं तीनों मूर्तियां

गौतम बुद्ध विकास समिति के सचिव राजीव कुमार ने बताया कि सुबह मंदिर पहुंचने पर मुख्य द्वार की कुंडी टूटी हुई मिली और ताला-सींकड़ सीढ़ियों पर पड़ा था. अंदर जाकर देखा तो भगवान विष्णु, सूर्य देव और भगवान बुद्ध की प्रतिमाएं गायब थीं. इसके बाद तत्काल मानपुर थाना को सूचना दी गई.

तालाब की खुदाई में मिली थीं प्राचीन प्रतिमाएं

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले वर्ष गांव में तालाब की खुदाई के दौरान भगवान विष्णु और सूर्य देव की प्राचीन प्रतिमाएं जमीन से निकली थीं. इन्हें सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तेतरावां के बुद्ध मंदिर में स्थापित किया गया था. चोरी गई मूर्तियों को ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाले जा रहे CCTV फुटेज

घटना की सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके.

धरोहरों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

ऐतिहासिक प्रतिमाओं की चोरी के बाद स्थानीय लोगों में धरोहरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा कर मूर्तियों की बरामदगी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन