राजगीर में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, मौके पर मौत, पहचान में जुटी पुलिस

सड़क दुर्घटना के बाद लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
राजगीर-इस्लामपुर राजकीय पथ पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस वाहन और चालकों की तलाश कर रही है.
Rajgir Road Accident : राजगीर-इस्लामपुर राजकीय उच्च पथ (एसएच-71) पर छबिलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ठेरा मोड़ के समीप रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटना के बाद स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना छबिलापुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने दोनों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, राजगीर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बाइक, मोबाइल भी टूटे
दुर्घटना में युवकों की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. इसके साथ ही दोनों के पास मौजूद मोबाइल फोन भी बुरी तरह टूट जाने के कारण उनसे तत्काल कोई संपर्क या जानकारी नहीं मिल सकी है.
पुलिस के अनुसार, मृतकों के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस अब दुर्घटनाग्रस्त बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर (पंजीकरण संख्या) के आधार पर वाहन स्वामी का पता लगा रही है, ताकि मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना दी जा सके.
राजगीर से इस्लामपुर की ओर जा रहे थे दोनों युवक
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर राजगीर की ओर से छबिलापुर और इस्लामपुर की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सामने से सीधी टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
पुलिस आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है और मार्ग पर स्थापित सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात वाहन का पता लगाया जा सके. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. छबिलापुर पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन व चालक की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










