नालंदा : नूरसराय में बहू को घर में रखने से इनकार, सास-ससुर पर मारपीट का आरोप; अस्पताल में भर्ती

Updated:
विज्ञापन
 फोटो:मॉडल अस्पताल में इलाज करते डॉक्टर | Prabhat Khabar Network

मॉडल अस्पताल में इलाज करते डॉक्टर | Prabhat Khabar Network

नालंदा जिले के नूरसराय में एक बहू के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है. आठ माह की गर्भवती होने पर पति के फरार हो जाने के बाद ससुराल वालों ने उसे घर में रखने से मना कर दिया और मारपीट की. घायल महिला का इलाज जारी है.

विज्ञापन

नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बारा खुर्द गांव में घर में रखने से इनकार करने को लेकर सास-ससुर द्वारा बहू की पिटाई करने का मामला सामने आया है. मारपीट में घायल महिला का इलाज बिहारशरीफ सदर (मॉडल) अस्पताल में चल रहा है.

घायल महिला की पहचान बारा खुर्द गांव निवासी विकास कुमार की पत्नी कलिता कुमारी के रूप में हुई है.

आठ माह की गर्भवती होने पर फरार हो गया था पति

घटना की जानकारी देते हुए घायल की बहन नेहा कुमारी ने बताया कि कलिता की शादी वर्ष 2020 में विकास कुमार से हुई थी. शादी के कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा. आरोप है कि जब कलिता आठ माह की गर्भवती थीं, उसी दौरान उनके पति विकास कुमार गांव की ही एक युवती के साथ घर छोड़कर फरार हो गए.

नेहा ने बताया कि इस संबंध में महिला थाना समेत अन्य थाने में शिकायत करने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय गर्भवती होने के कारण पहले प्रसव कराने की सलाह दी गई.

प्रसव के बाद मायके में रह रही थी पीड़िता

इस बीच जब कलिता अपने ससुराल पहुंचीं तो ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया. बाद में प्रसव के दौरान आर्थिक मदद मांगने के लिए भी ससुराल गईं, लेकिन वहां भी उनके साथ मारपीट कर भगा दिया गया.

इसके बाद वह अपने मायके हरनौत थाना क्षेत्र के उखाड़ा गांव में रहने लगीं. परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद भी जब कलिता ससुराल लौटीं तो उन्हें घर में रखने से साफ इनकार कर दिया गया.

पूरी रात घर के बाहर रही, सुबह सास और परिजनों ने की मारपीट

शनिवार को वह फिर अपने ससुराल पहुंचीं, लेकिन उन्हें घर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया. मजबूरन उन्होंने पूरी रात घर के बाहर ही बिताई. रविवार सुबह आरोप है कि उनकी सास तथा परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें सुरेश पंडित भी शामिल हैं, ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.

घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है.

Also Read : नालंदा : 20 मीट्रिक टन क्षमता वाले दही-लस्सी प्लांट का शिलान्यास करेंगे CM सम्राट चौधरी, सुधा कैफेटेरिया की भी होगी शुरुआत


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन