बिहारशरीफ रेलवे क्रॉसिंग पर जाम, ट्रेन के गुजरने में लग रहा एक घंटा, ओवरब्रिज की मांग तेज
जाम की तस्वीर
बिहारशरीफ रेलवे क्रॉसिंग पर भीषण जाम से राहगीर हलकान हैं. ट्रेन गुजरने के समय घंटों तक यातायात ठप रहता है, जिससे स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत होती है. स्थानीय लोग अब ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं.
Biharsharif railway crossing: बिहारशरीफ शहर के रेलवे क्रॉसिंग पर मंगलवार की सुबह से लगे भीषण जाम के कारण राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सुबह करीब 9 बजे से रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गयी. ट्रेन आने के समय फाटक बंद होने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रत्येक बार ट्रेन के गुजरने के दौरान करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रह रही है.
फाटक बंद होते ही दोनों ओर लग जाती है वाहनों की कतार
रेलवे क्रॉसिंग पर जाम का असर सड़क यातायात के साथ-साथ रेल परिचालन पर भी देखने को मिला. फाटक के आसपास वाहनों की लंबी कतार और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के कारण राजगीर की ओर से आ रही ट्रेन को भी रोकना पड़ा. ट्रेन रुकने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई. वहीं, सड़क पर जाम में फंसे लोगों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा.
स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी
इस रेलवे क्रॉसिंग से बरबीघा, शेखपुरा और इस रूट पर आने-जाने वाले बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. जाम के कारण स्कूली बच्चों, नौकरी-पेशा लोगों, मरीजों और आम यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी होती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद होने के बाद वाहनों के निकलने के लिए पर्याप्त वैकल्पिक रास्ता नहीं होने के कारण थोड़ी ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है.
स्थायी समाधान के लिए ओवरब्रिज बनाने की मांग
स्थानीय लोगों ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर प्रतिदिन जाम की समस्या बढ़ती जा रही है. ट्रेन के आने-जाने के दौरान फाटक बंद रहने से सड़क यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है. इसके कारण कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी विलंब होता है.
लोगों ने प्रशासन और रेलवे विभाग से समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि वाहनों को रेलवे फाटक से होकर गुजरने की मजबूरी नहीं रहे. ओवरब्रिज बनने से जाम की समस्या दूर होने के साथ रेल परिचालन भी सुचारु हो सकेगा. लोगों ने जल्द पहल कर इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए