बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की नींव, पूरी जिम्मेदारी से निभाएं दायित्व : मुख्य निर्वाचन आयुक्त

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम का संबोधन करते मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार

Biharsharif News : मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की नींव हैं. शुद्ध मतदाता सूची और निष्पक्ष चुनाव में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है.

विज्ञापन

Biharsharif News : मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) निर्वाचन प्रक्रिया की नींव हैं. शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण से लेकर मतदाताओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने तक बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने बीएलओ से पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया.

पांच जिलों के बीएलओ के साथ किया संवाद

सोमवार को नालंदा विश्वविद्यालय के सुषमा स्वराज ऑडिटोरियम में नालंदा, गया, नवादा, जहानाबाद और शेखपुरा जिलों के बीएलओ के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की. उन्होंने बीएलओ के कार्यानुभव, चुनौतियों और सुझावों को सीधे सुना तथा निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सहभागी बनाने में उनके विचारों को महत्वपूर्ण बताया.

कार्यक्रम में उपस्थित BLO की तस्वीर
कार्यक्रम में उपस्थित BLO की तस्वीर

एसआईआर के दौरान बीएलओ के कार्यों की सराहना

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2025 में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के दौरान बिहार के बीएलओ ने पूर्ण समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया था. उनके प्रयासों से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली थी. उन्होंने विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में बिहार में हुए उल्लेखनीय मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि मतदान प्रतिशत पिछले निर्वाचनों की तुलना में सर्वाधिक रहा. इसमें बीएलओ की भूमिका भी सराहनीय रही.

Also Read : संत रविदास की 650वीं जयंती की तैयारियों की समीक्षा, जिला से पंचायत स्तर तक निकलेगी कलश यात्रा

मतदाताओं से सीधा संपर्क होने का मिलता है लाभ

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बीएलओ का मतदाताओं से सीधा संपर्क होता है. ऐसे में उन्हें मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने और अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में भी निरंतर कार्य करना चाहिए. संवाद के दौरान बीएलओ ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और अनुभवों को भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त के समक्ष रखा.

Also Read : औरंगाबाद में चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे 300 परिवार, 19 अगस्त को प्रखंड कार्यालय पर धरना

नालंदा की ज्ञान परंपरा और विरासत की सराहना

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने नालंदा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक और गौरवशाली विरासत की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि नालंदा को देखने के बाद उन्हें अनुभूति हुई कि हजारों वर्ष पूर्व बिहार का इतिहास और ज्ञान की परंपरा कितनी समृद्ध रही होगी. उन्होंने नालंदा की धरती पर आने को अपने लिए गर्व की बात बताते हुए यहां की ज्ञान परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को नमन किया.

जिलाधिकारी ने स्मृति चिह्न भेंट कर किया सम्मानित

कार्यक्रम में बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी माधव कुमार सिंह, नालंदा के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी उदिता सिंह, उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, अपर समाहर्ता राजीव रंजन कुमार सिन्हा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी और बड़ी संख्या में बीएलओ मौजूद रहे. इससे पहले जिलाधिकारी उदिता सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. कार्यक्रम के समापन पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों और बीएलओ का अभिवादन स्वीकार किया.

Also Read : नागपंचमी पर बाक्स बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, दूध और लावा चढ़ाने पहुंचे हजारों श्रद्धालु


विज्ञापन
रामविलास प्रसाद

लेखक के बारे में

By रामविलास प्रसाद

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन