नागपंचमी पर बाक्स बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, दूध और लावा चढ़ाने पहुंचे हजारों श्रद्धालु
मेले में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़
Aurangabad News : नागपंचमी के अवसर पर मदनपुर के बाक्स बाबा मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा और मेले का आयोजन किया गया.
Aurangabad News : सावन माह की नागपंचमी के अवसर पर मदनपुर प्रखंड के वार स्थित बाक्स बाबा मंदिर में सोमवार को आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. तड़के सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे. भक्तों ने बाक्स बाबा को दूध और लावा अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. मंदिर परिसर बाक्स बाबा की जय के उद्घोष से गूंजता रहा और वार गांव मेले में तब्दील हो गया.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से मुख्य मार्ग पर लगा जाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण शिवगंज-रफीगंज मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. वार आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को कई जगह जाम का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद लोगों की आस्था कम नहीं हुई और ट्रैक्टर-ट्रॉली, चारपहिया और दोपहिया वाहनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल भी मंदिर पहुंचे.
बाक्स बाबा मंदिर को लेकर है गहरी धार्मिक मान्यता
बाक्स बाबा मंदिर को लेकर क्षेत्र में गहरी धार्मिक मान्यता है. स्थानीय लोगों का विश्वास है कि विषैले सांप के काटने पर पीड़ित को मंदिर लाकर बाक्स बाबा का जयकारा लगाने से राहत मिलती है. मंदिर के पुजारी ने बताया कि नागपंचमी के अवसर पर दूध और लावा चढ़ाने की परंपरा वर्षों पुरानी है. श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ बाक्स बाबा की पूजा करते हैं और उनकी कृपा से हर प्रकार की बाधा दूर होने की कामना करते हैं.
Also Read : ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, राहुल और सोनिया गांधी का पुतला फूंका
नमक का सेवन नहीं करते हैं श्रद्धालु
मेले की एक विशेष परंपरा यह भी है कि यहां दर्शन करने वाले श्रद्धालु इस दिन नमक का सेवन नहीं करते और मीठा भोजन ग्रहण करते हैं. आसपास के दर्जनों गांवों के अलावा जिले और पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे. कई गांवों के श्रद्धालु धर्मध्वज लेकर बाक्स बाबा के दरबार में पहुंचे और पूजा-अर्चना की.
झूले, खिलौनों और मिठाई की दुकानों से सजा मेला
धार्मिक आयोजन के साथ मेले की रौनक भी देखते ही बन रही थी. बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें तथा मिठाई और अन्य खानपान के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने रहे. महिलाओं और बच्चों की अच्छी-खासी भीड़ पूरे मेले में बनी रही. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ खरीदारी की और मेले का भरपूर आनंद उठाया.
Also Read : श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, बरौनी होकर होगा परिचालन
पुलिस प्रशासन ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. मंदिर परिसर और मेले में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे. उनके साथ अपर थानाध्यक्ष राजेश पासवान, सुरेंद्र कुमार, रोहित कुमार, श्रीकांत पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए.
आस्था, लोक परंपरा और सामाजिक एकता का दिखा संगम
नागपंचमी पर आयोजित यह मेला एक बार फिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर उभरा. पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का संगम देखने को मिला.
Also Read : बेगूसराय नगर निगम कार्यालय में महापौर पिंकी देवी ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










