मांगों को लेकर डीएम से मिलेगा दफादार-चौकीदार संघ

बिहार राज्य दफादार–चौकीदार पंचायत के राजगीर अनुमंडल इकाई की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को राजगीर के युवा छात्रावास में आयोजित की गई.
राजगीर. बिहार राज्य दफादार–चौकीदार पंचायत के राजगीर अनुमंडल इकाई की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को राजगीर के युवा छात्रावास में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता वकील मलिक ने की. बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गयी. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार पांच जनवरी को एक प्रतिनिधिमंडल जिला पदाधिकारी, नालंदा से मिलकर अपनी समस्याओं को रखेगा और मांग पत्र भी समर्पित करेगा. बैठक को संबोधित करते हुए पंचायत के प्रांतीय सचिव डॉ. संत सिंह ने नालंदा जिलाधिकारी से दफादार एवं चौकीदारों को प्रोन्नति देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि जिले में अबतक दफादार और चौकीदारों की वरीयता सूची तैयार नहीं की गई है, जिसके कारण उन्हें प्रोन्नति और अन्य विभागीय लाभों से वंचित रहना पड़ रहा है. वरीयता सूची शीघ्र तैयार कर लागू करने की मांग जिला प्रशासन से की गई है. डॉ. सिंह ने विधानसभा चुनाव कार्य में लगे दफादार और चौकीदारों को चुनाव भत्ता का शीघ्र भुगतान कराने की भी मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव कार्य में लगे अन्य सभी कर्मचारियों को भत्ता का भुगतान कर दिया गया है, लेकिन दफादार और चौकीदारों को इससे वंचित रखा गया है. इसके साथ ही उन्होंने चौकीदारों और दफादारों को एसीपी (आश्वस्त करियर प्रगति) का लाभ देने की मांग भी उठाई. इस बैठक में दफादार–चौकीदार संघ के राजगीर अनुमंडल इकाई का चुनाव भी संपन्न हुआ. इसमें सिलाव के वकील मलिक को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है. कतरीसराय के विमलेश कुमार को उपाध्यक्ष, राजगीर की बबीता कुमारी को सचिव तथा सिलाव के सुधीर कुमार पासवान को निर्विरोध कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है. बैठक में जिला अध्यक्ष अनंत सिंह, जिला महासचिव भूषण पासवान, बालेश्वर पासवान, दीपनगर के अवधेश पासवान, नालंदा के सिंधु पासवान, राजगीर के श्यामसुंदर पासवान, आलोक कुमार, शिवकुमार यादव, कतरीसराय के भूषण पासवान, छबिलापुर के सुबोध कुमार सिंह, धर्मेंद्र पासवान, प्रिंस पासवान सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




