दाह संस्कार से लौट रही बस व ट्रक की टक्कर में एक की मौत

हिलसा-फतुहा मुख्य मार्ग पर कामता हॉल्ट के समीप शनिवार की देर शाम बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें बस के उपचालक की मौके पर ही मौत हो गयी.
हिलसा. हिलसा-फतुहा मुख्य मार्ग पर कामता हॉल्ट के समीप शनिवार की देर शाम बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें बस के उपचालक की मौके पर ही मौत हो गयी. टक्कर के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गयी. मृतक की पहचान एकंगरसराय थाना क्षेत्र के अतरामचक गांव निवासी विजय कुमार सिंह के रूप में की गयी है. घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख–पुकार मच गयी. कई लोग बस के अंदर फंस गए, जिन्हें खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पीर ओपी थाना क्षेत्र के जमुआवां गांव निवासी 65 वर्षीय रामाश्रय पंडित के निधन के बाद दाह संस्कार में शामिल होकर फतुहा से बस लौट रही थी. दाह संस्कार के बाद सभी लोग बस से वापस लौट रहे थे, तभी कामता हॉल्ट के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस के दरवाजे पर खड़े उपचालक विजय कुमार सिंह टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गये. सूचना मिलने पर हिलसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल उपचालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बस चालक सहित बस पर सवार अधिकतर लोग शराब के नशे में धुत थे. हादसे के बाद भी कई लोग नशे की हालत में बस के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें किसी तरह खिड़कियों के सहारे बाहर निकाला गया. घटना के बाद सड़क पर काफी देर तक आवागमन बाधित रहा. थाना अध्यक्ष अभिजीत कुमार ने बताया कि बस में उपचालक की मौत हो गयी. मामले की जांच की जा रही है. और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




