बिहार में बेटे की हत्या करके पिता ने गंगा में फेंकी लाश, सौतेली मां से अवैध संबंध का था शक
Published by : ThakurShaktilochan Sandilya Updated At : 13 Aug 2025 7:48 PM
मृतक युवक की फाइल फोटो और पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Bihar News: नालंदा में पिता ने अपने बेटे की हत्या करके लाश को गायब कर दिया. सौतेली मां से अवैध संबंध के शक ने पिता को हत्यारा बना दिया. पुलिस ने हत्यारोपी पिता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
Bihar News: नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र के मूढ़ारी गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक युवक की हत्या करके उसका शव गायब कर दिया गया. पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शव की तलाश गंगा नदी में की जा रही है. मृतक की पहचान मूढ़ारी गांव के निवासी श्याम राम के पुत्र पिंटू कुमार के रूप में हुई है.
पिता ने की दूसरी शादी, सौतेली मां से मृत की अवैध संबंध की चर्चा
कई साल पहले मृतक पिंटू की मां का निधन हो चुका था, जिसके बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली और रोज़गार के सिलसिले में बाहर रहने लगे. इस दौरान पिंटू अपनी सौतेली मां के साथ गांव में रहता था. ग्रामीणों के अनुसार, पिंटू और उसकी सौतेली मां के बीच अवैध संबंधों की चर्चा गांव में फैल चुकी थी. जब पिता और चाचा को इस बात की जानकारी हुई, तो दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई. सूत्रों का कहना है कि योजना के तहत पिंटू की हत्या करके उसका शव ठिकाने लगा दिया गया, ताकि घटना की भनक किसी को नहीं लगे.
ALSO READ: Photos: मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर बहने लगा बाढ़ का पानी, भागलपुर में उफनाई गंगा से बढ़ा खतरा
मृतक के पिता और चाचा गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमरदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई. गुप्त सूचना पर छापेमारी के दौरान पिंटू के पिता गांव में ही छिपे मिले. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चाचा को भी गिरफ्तार कर लिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने शव को गंगा नदी में फेंकने की बात कबूल ली.
गंगा घाट पर शव को तलाशा, नहीं मिली लाश
पुलिस टीम आरोपितों को लेकर गंगा घाट पहुंची और शव की तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली. फिलहाल खोजबीन जारी है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. लोग इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं. कुछ इसे पारिवारिक विवाद का नतीजा मान रहे हैं, तो कुछ प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला बता रहे हैं.
बोले थानाध्यक्ष…
थानाध्यक्ष ने कहा कि दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है. हत्या के पीछे का असली कारण और पूरी मर्डर की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी. इस बीच, यह मामला पूरे पंचायत क्षेत्र में चर्चा का मुख्य विषय बन गया है और लोग पुलिस की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं. हरनौत थानाध्यक्ष अमरदीप कुमार ने बताया कि मृतक पिंटू के नाना सहदेव राम के आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. हत्या के आरोपी श्याम राम एवं एक अन्य को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है़.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










