नालंदा में 15 दिनों से ठप नल-जल योजना, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण, अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप

Updated:
विज्ञापन
नल जल योजना अंतर्गत पेयजलापूर्ति महीनों से ठप्प

नालंदा जिले के इस्लामपुर प्रखंड में नल-जल योजना महीनों से ठप है. ढिबरी गांव में जलापूर्ति बंद होने से सैकड़ों ग्रामीण, खासकर महिलाएं और बुजुर्ग, पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं. विभागीय उदासीनता पर ग्रामीणों ने रोष जताया है.

विज्ञापन

Nalanda News : नालंदा जिला के इस्लामपुर प्रखंड की सूढ़ी पंचायत में नल-जल योजना ठप होने से सैकड़ों ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं. वार्ड संख्या-2 और 3 के ढिबरी गांव में पिछले कई दिनों से जलापूर्ति बंद है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाया है.

मोटर जलने से 15 दिनों से नहीं मिल रहा पानी

ग्रामीणों के अनुसार वार्ड संख्या-2 में नल-जल योजना की मोटर में तकनीकी खराबी आने के बाद वह जल गई. इसके कारण पिछले 15 दिनों से 100 से अधिक घरों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद है. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को हो रही है, जिन्हें पानी के लिए दूसरे स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है.

भूजल स्तर गिरने से दूसरे वार्ड में भी संकट

वहीं वार्ड संख्या-3 में नल-जल योजना के लिए कराई गई बोरिंग का भूजल स्तर काफी नीचे चले जाने से पिछले एक महीने से जलापूर्ति बाधित है. इस कारण करीब 150 घरों में पेयजल संकट गहरा गया है. ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है.

घंटों लाइन में लगकर भरना पड़ रहा पानी

जलापूर्ति ठप होने से सैकड़ों महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांगजन रोजाना लंबी दूरी तय कर दूसरे स्थानों से पानी ला रहे हैं. कई जगहों पर घंटों लाइन में लगकर पानी भरना पड़ रहा है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है.

मुखिया ने भी लगाया अधिकारियों की अनदेखी का आरोप

ग्रामीणों और पंचायत के मुखिया ग्यास आलम का आरोप है कि मोटर की मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों से कई बार मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों वार्डों में पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन