तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

Updated:
विज्ञापन
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत रसगुल्ला गांव के समीप मंगलवार को हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. जिले के बेन थाना क्षेत्र अंतर्गत रसगुल्ला गांव के समीप मंगलवार को हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से 70 वर्षीय बुजुर्ग रामाशीष यादव की मौत हो गयी, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर परवलपुर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक पूरी तरह जाम कर दिया.

घटना के बाद अफरा-तफरी : बताया जाता है कि रसगुल्ला गांव निवासी रामाशीष यादव बाजार से घर लौट रहे थे. तभी परवलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत परवलपुर के एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया. लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी.

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण : बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और शव को परवलपुर-बिहारशरीफ मुख्य मार्ग पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे. इस बीच सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

प्रशासन ने किया हस्तक्षेप, स्थिति पर पाया नियंत्रण : घटना की सूचना मिलते ही बेन थाना के प्रभारी सुरेन्द्र पासवान, एसआई श्याम सुंदर राम, पीएसआई सरफराज अंसारी और अंचलाधिकारी सौरभ कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और जाम हटवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ भेज दिया. रामाशीष यादव की मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Amlesh Prasad

लेखक के बारे में

By Amlesh Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन