शेखपुरा के केंद्रीय विद्यालयों में नामांकन शुरू, 5 अगस्त तक जमा होंगे आवेदन

Updated:
विज्ञापन
केंद्रीय विद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया शुरू

Sheikhpura News : शेखपुरा के लोगों के लिए खुशखबरी है, केंद्रीय विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. 5 अगस्त तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. यह खबर उन केंद्रीय कर्मचारियों और फौजियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है जिनके बच्चों की पढ़ाई स्थानांतरण के कारण बाधित होती थी.

विज्ञापन

Sheikhpura News : केंद्र सरकार की सेवा में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ सीमा पर देश की रखवाली करने वाले फौजियों को अपने बालक-बालिकाओं के पठन-पाठन को लेकर चिंतित रहने की समस्या समाप्त होने जा रही है. लगातार अंतराल में उनके स्थानांतरण के बावजूद उनके बच्चों का पठन-पाठन बाधित नहीं हो सकेगा.

जिले में केंद्रीय विद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. नामांकन के लिए लोगों से आवेदन लेने का काम शुरू कर दिया गया है. आवेदन प्राप्त कर उसे निबंधन करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. 5 अगस्त तक विद्यालय में नामांकन करने वाले छात्र-छात्राओं के आवेदन लेने की तिथि निर्धारित की गई है. आवेदन की तिथि समाप्त होने के बाद इस संबंध में लॉटरी के आधार पर प्रत्येक कक्षा में छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया जाएगा.

जानिए नामांकन प्रक्रिया में किसे मिलेगी प्राथमिकता

इस संबंध में जानकारी देते हुए केंद्रीय विद्यालय के अमित कुमार चौधरी ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय कर्मचारियों और अधिकारियों के बच्चों के निर्बाधित पठन-पाठन की व्यवस्था को सुचारू रखना है.

  • पहली प्राथमिकता: केंद्रीय कर्मचारी, सेना और अर्धसैनिक बल में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी.
  • दूसरी प्राथमिकता: केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को यह सुविधा प्राप्त होगी.
  • तीसरी प्राथमिकता: राज्य सरकार के कर्मचारियों के बच्चों को यह सुविधा मिलेगी.
  • चौथी प्राथमिकता: बिहार सरकार के निगम और अन्य संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को नामांकन का अवसर मिलेगा.
  • पांचवीं प्राथमिकता: आम लोगों के बच्चों को नामांकन की सुविधा प्राप्त होगी.

नामांकन का काम लॉटरी के आधार पर किया जाएगा. केंद्रीय विद्यालय का पाठ्यक्रम सीबीएसई द्वारा निर्धारित किया जाता है. इसमें उच्च कोटि की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिभाशाली और प्रशिक्षित शिक्षक नियुक्त किए जाते हैं. केंद्रीय विद्यालय में पठन-पाठन करने वाले बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलता है.

550 से अधिक आवेदन प्राप्त, जिले को मिले हैं दो केंद्रीय विद्यालय

उन्होंने बताया कि अभी तक विभिन्न कक्षाओं में नामांकन के लिए 550 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. सभी आवेदनों को कक्षावार निबंधित करने का काम चल रहा है.

गौरतलब है कि शेखपुरा में एक साथ दो केंद्रीय विद्यालयों की सौगात प्राप्त हुई है. दोनों केंद्रीय विद्यालयों में इसी साल अस्थायी भवन में पठन-पाठन का काम शुरू किया जा रहा है. पहला विद्यालय जिला मुख्यालय में और दूसरा शेखोपुरसराय प्रखंड क्षेत्र में शुरू किया जा रहा है.


विज्ञापन
Niranjan Kumar

लेखक के बारे में

By Niranjan Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन