शेखपुरा जिला विधिज्ञ संघ चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज, 25 जुलाई को होगा मतदान

Updated:
विज्ञापन
विधिज्ञ संघ के चुनाव के लिए दंडाधिकारी की मांग

शेखपुरा जिला विधिज्ञ संघ के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मियां अपने चरम पर हैं. 25 जुलाई को मतदान होगा, जिसमें 17 पदों के लिए 31 उम्मीदवार भाग्य आजमाएंगे। खास बात यह है कि 5 महिला अधिवक्ताओं को आरक्षण के तहत निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है.

विज्ञापन

Sheikhpura News : शेखपुरा जिला विधिज्ञ संघ के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मियां अंतिम मुकाम पर पहुंच गई हैं. शनिवार 25 जुलाई को मतदान की तिथि निर्धारित है. इस चुनाव को लेकर तैयारी भी लगभग पूरी कर ली गई है. इस चुनाव में 17 पदों पर बैलट के माध्यम से निर्वाचन किया जाएगा.

9 जुलाई से 13 जुलाई तक चले नामांकन प्रक्रिया में 31 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के आलोक में पहली बार संघ के चुनाव में महिलाओं के लिए आरक्षण को लेकर पांच महिला उम्मीदवारों की जीत पहले ही निर्विरोध घोषित की जा चुकी है.

महिला अधिवक्ता नैला बेगम उपाध्यक्ष, शांति कुमारी संयुक्त सचिव, अलंबुषा सिंहा सहायक सचिव के साथ-साथ शिल्पी रानी और हिना कुमारी कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं.

शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस बल की मांग, मोबाइल ले जाने पर रोक

इस संबंध में जानकारी देते हुए इस विशेष निर्वाचन के लिए बनाए गए निर्वाची पदाधिकारी श्री कृष्णा प्रसाद तिवारी ने बताया कि शांतिपूर्ण और स्वच्छ मतदान के लिए जिला प्रशासन से दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की मांग की गई है. उन्होंने बताया कि मतदान का काम 25 जुलाई को सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक निर्धारित किया गया है और उसी दिन मतगणना कर विजेताओं की घोषणा भी की जाएगी.

उन्होंने इस संबंध में सभी 340 अधिवक्ता मतदाताओं को मतदान के लिए अपने-अपने पहचान पत्र मतदान के समय साथ लाने की सलाह दी है. उन्होंने सभी अधिवक्ता मतदाताओं को मतदान कक्ष में मोबाइल नहीं ले जाने की भी हिदायत दी है.

अध्यक्ष और महासचिव पद पर कड़ा मुकाबला

इधर इस चुनाव में किस्मत आजमाने वाले उम्मीदवारों द्वारा अपने पक्ष में मतदाताओं को गोलबंद करने के सभी प्रयास तेज कर दिए गए हैं. न्यायालय कार्य के लिए आने वाले अधिवक्ताओं के साथ मतदान को लेकर अपने पक्ष में करने के साथ-साथ उम्मीदवार अधिवक्ताओं के घर जाकर भी उन्हें अपने पक्ष में करने में जुटे हुए हैं.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस चुनाव के सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले अध्यक्ष पद पर तीन उम्मीदवार चंद्रमौलेश्वर प्रसाद, शिवनंदन प्रसाद शर्मा और सुशील कुमार एक दूसरे को टक्कर देने में लगे हुए हैं. वहीं, महासचिव पद को लेकर विपिन कुमार और विनोद कुमार सिंह के बीच होने वाले मुकाबले को तीसरा कोण देने में सनोज कुमार जोर-आजमाइश कर रहे हैं. इसके अलावा अन्य पदों के उम्मीदवार भी चुनाव प्रचार में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रहने देना चाह रहे हैं.


विज्ञापन
Niranjan Kumar

लेखक के बारे में

By Niranjan Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन