नालंदा : राजगीर में पहली बार निकलेगी जगन्नाथ रथ यात्रा, 11 जगहों पर तैनात रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल

Nalanda News : राजगीर में पहली बार होने वाले श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. अनुमंडल प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है, जिसमें 11 स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बलों की तैनाती शामिल है.
Nalanda News : राजगीर में शुक्रवार को पहली बार आयोजित होने वाले श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. संभावित भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने पूरे रूट पर सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया है.
अनुमंडल पदाधिकारी सूर्य प्रकाश गुप्ता ने बताया कि रथ यात्रा के शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संचालन के लिए 11 स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रत्येक दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेगा.
पहली बार हो रहा आयोजन, भीड़ नियंत्रण और यातायात पर विशेष नजर
एसडीओ ने बताया कि राजगीर जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक नगर में पहली बार श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन हो रहा है. आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की व्यापक तैयारी की है.
उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर सतर्क रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है. रथ यात्रा के पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना न रहे. आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध रहेगा.
श्रद्धालुओं से प्रशासनिक निर्देशों के पालन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम बनाए रखें. अनुमंडल प्रशासन द्वारा किसी भी आपात स्थिति में निकटतम दंडाधिकारी अथवा पुलिसकर्मी से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है.
अनुमंडल प्रशासन का कहना है कि श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उल्लास के इस महोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










