गया जी में बन रही 5 मंजिला धर्मशाला, 1080 बेड, 8 लिफ्ट और विशाल पार्किंग की सुविधा

Updated:
विज्ञापन

संक्रमण अस्पताल के भूखंड पर बन रहा गया जी धर्मशाला | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गया जी में बन रहे भव्य जी प्लस फाइव धर्मशाला का निर्माण कार्य 60% पूरा हो चुका है. यह मई 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा, जिसमें 1080 श्रद्धालु एक साथ ठहर सकेंगे. इस निर्माण से पितृपक्ष मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी.

विज्ञापन

Gaya Ji News : धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पौराणिक व पितरों की मोक्ष स्थली गया जी धाम में करीब 94 करोड़ रुपये की लागत से चांदचौरा के पास स्थित संक्रमण अस्पताल प्रांगण में बन रहे जी प्लस फाइव गया जी धर्मशाला का निर्माण कार्य पूरा होने में अभी और करीब 11 महीने का समय लग सकता है.

विज्ञापन

गया जी में प्रत्येक वर्ष आश्विन मास में आयोजित होने वाले पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को अब आवासन की समस्या से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 4.38 एकड़ के इस बड़े भूखंड पर करीब 94 करोड़ रुपये की लागत से जी प्लस फाइव गया जी धर्मशाला का निर्माण कार्य सात मई 2025 को शुरू हुआ था.

बिहार राज्य पुल निर्माण निगम व बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की देखरेख में बी राय कंस्ट्रक्शन एजेंसी द्वारा बन रहे इस धर्मशाला में 1080 बेडों से युक्त कमरे, आठ लिफ्ट व चार सीढ़ियां होंगी. ग्राउंड में बड़े व छोटे वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.

धर्मशाला के निर्माण से पर्यटकों की संख्या में होगी वृद्धि

राज्य सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस धर्मशाला का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें एक साथ 1080 श्रद्धालु ठहर सकेंगे. धर्मशाला के करीब 75 हजार स्क्वायर फुट के ग्राउंड में बड़ी-छोटी गाड़ियों की पार्किंग के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण के लिए गार्डन भी होगा.

प्रत्येक तल पर रखरखाव, साफ-सफाई एवं शौचालय की व्यवस्था भी होगी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेस्टोरेंट भी होंगे. कर्मचारी व चालकों के लिए यात्री शेड व ठहरने के लिए कमरे भी बनाए जा रहे हैं.

धर्मशाला में होंगी 212 डॉरमेट्री और 48 कमरे

बन रहे इस जी प्लस फाइव गया जी धर्मशाला में सभी तरह की बुनियादी सुविधाओं से युक्त 212 डॉरमेट्री व 48 कमरे होंगे. इन कमरों में 96 बेड लगाए जाएंगे. इनमें से कुछ कमरे वीवीआईपी होंगे जो अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे.

ग्राउंड फ्लोर पर 128 बेड होंगे. इसके अलावा शेष सभी चार तलों पर 238 की संख्या में बेड होंगे. सभी फ्लोर पर महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग पर्याप्त संख्या में टॉयलेट व स्नानागार होंगे. सभी लिफ्ट 10 यात्रियों की क्षमता वाले होंगे. सभी फ्लोर पर किचन व डाइनिंग हॉल भी रहेगा. सुरक्षा की दृष्टि से पूरे धर्मशाला की बाउंड्री वॉल से घेराबंदी की जा रही है. यातायात की सुगमता के लिए इंटरनल रोड का भी निर्माण करवाया जा रहा है.

60 प्रतिशत काम हुआ पूरा, 6 मई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

गयाजी धाम धर्मशाला का निर्माण कार्य करा रहे बी राय कंस्ट्रक्शन एजेंसी के एमडी अरुण कुमार ने बताया कि समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के लिए पर्याप्त संख्या में कारीगर व कामगार लगाए गए हैं.

उन्होंने बताया कि पुल निर्माण निगम व बिहार सरकार के साथ किए गए कॉन्ट्रैक्ट के अनुसार छह मई 2027 तक इस धर्मशाला का निर्माण कार्य पूरा करा लेना है. उन्होंने बताया कि अब तक करीब 60 प्रतिशत निर्माण का काम पूरा हो चुका है.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन