नालंदा : न बैरिकेडिंग, न चेतावनी बोर्ड; निर्माणाधीन पुलिया पर हादसे का शिकार हुआ बाइक सवार

फोटो सरिया के नीचे गिरा हुआ युवक | Prabhat Khabar Network
Nalanda Road Accident : बिहारशरीफ-बरबीघा मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के पास बाइक सवार गिरा. ठेकेदार की लापरवाही से सुरक्षा के इंतजाम नदारद, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश.
Nalanda Road Accident : बिहारशरीफ–बरबीघा मुख्य मार्ग पर मुरौरा के समीप निर्माणाधीन पुलिया के पास शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जानकारी के अनुसार, एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर पुलिया के निर्माण स्थल पर गिर पड़ा. राहत की बात यह रही कि पुलिया में निकले लोहे के सरिये युवक को नहीं लगे, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था. स्थानीय लोगों ने बताया कि बिहारशरीफ–बरबीघा मार्ग का चौड़ीकरण कार्य चल रहा है.
सुरक्षा इंतजाम न होने से राहगीर परेशान
इसके तहत पुरानी पुल-पुलियों को तोड़कर नई पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है. हालांकि, निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार अचानक निर्माणाधीन पुलिया के पास संतुलन खो बैठा और गिर गया. संयोग अच्छा रहा कि पुलिया में निकले सरिये उसके शरीर से नहीं टकराए.
लापरवाही पर प्रशासन से सुरक्षा की मांग
यदि सरिये लग जाते तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
Also Read : जलजमाव से जूझ रहा बेगूसराय का झमटिया प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ाई कराने को मजबूर शिक्षक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










