नालंदा में सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में लगा कचरे का अंबार, डेंगू-मलेरिया का खतरा बढ़ा

Updated:
विज्ञापन
फोटो : नगर निगम कार्यालय के समक्ष अनिश्चिकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मी  | Prabhat Khabar Network

हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मी | Prabhat Khabar Network

नालंदा में नगर निगम के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है. चौथे दिन भी जारी इस हड़ताल से सड़कों पर कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है और बरसात जनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.

विज्ञापन

Nalanda Sanitation Workers Strike : नगर निगम के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को चौथे दिन भी जारी रही. गुरुवार से शुरू हुई इस हड़ताल के कारण पूरे शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. नतीजतन शहर की सड़कों, गलियों और मोहल्लों में कचरे के ढेर लग गए हैं और दुर्गंध से आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है.

इधर, स्वास्थ्य विभाग की मानें तो गंदगी से बरसात जनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में देखें तो अगर जल्द कचरा नहीं उठा, तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाएगा.

शहर में गंदगी बढ़ने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है, लेकिन अब तक नगर निगम प्रशासन द्वारा कचरा उठाव के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द से जल्द वार्ता कर समस्या का समाधान निकाले, वरना स्थिति और बिगड़ सकती है.

कचरे से पटे वार्ड और स्थानीय लोगों की परेशानियां

बिहारशरीफ नगर निगम के 51 वार्डों में रोजाना लगभग 250 टन कचरा उठता था, लेकिन हड़ताल की वजह से पिछले चार दिनों से एक भी गाड़ी कूड़ा उठाने नहीं निकली. नगर निगम के हर वार्ड में बनाए गए कूड़ा प्वाइंट अब कचरे के पहाड़ में तब्दील हो गए हैं. अनुमान है कि शहर में 1000 टन से अधिक कचरा बिखरा पड़ा है.

बरसात के मौसम में यह कचरा सड़कर भयंकर बदबू फैला रहा है. कई जगहों पर नालियां जाम हो गई हैं और जलजमाव की स्थिति बन गई है. कमरूद्दीनगंज बाजार के दुकानदार सुनील कुमार, वुल्लक कुआं निवासी संजीव कुमार उर्फ सन्नी, धनेश्वर घाट के शैलेंद्र कुमार और शिक्षक कॉलोनी के शशि भूषण प्रसाद ने बताया कि चार दिनों से घर से कचरा लेने कोई नहीं आ रहा है.

हर तरफ कचरा ही कचरा है, नाक पर रुमाल रखकर निकलना पड़ रहा है और बीमारी फैलने का डर सताने लगा है.

धरने पर बैठे 1300 सफाईकर्मी और यूनियन की चेतावनी

बिहार लोकल बॉडीज एम्पलाइज फेडरेशन और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त आह्वान पर निगम के करीब 1300 सफाईकर्मी नगर निगम के मुख्य द्वार पर विशाल धरने पर बैठे हैं.

यूनियन के उपाध्यक्ष करण कुमार ने कहा कि हम भूखे-प्यासे यहां बैठे रहेंगे. एक तरफ प्रधानमंत्री हमें भगवान कहते हैं, दूसरी तरफ 300-400 रुपये रोज कमाने वाले मजदूरों को सरकार ने सड़क पर बैठा दिया है.

सरकार को जनता के स्वास्थ्य की भी परवाह नहीं है. संगठन के प्रतिनिधि मनोज रविदास ने साफ कहा कि यह आंदोलन अनिश्चितकालीन है. चाहे एक महीना लगे, पीछे नहीं हटेंगे. अभी हम शांतिपूर्ण हैं. अगर निगम या पुलिस ने प्रताड़ित करने की कोशिश की, तो आंदोलन उग्र रूप लेगा.

सफाई कर्मियों की तीन सूत्री मांगें

  1. सफाई कर्मियों का स्थायीकरण किया जाए.
  2. समान काम का समान वेतन दिया जाए.
  3. ठेका प्रथा को समाप्त किया जाए.

Also Read : डेहरी EO डॉ. विमल कुमार हत्याकांड : पत्नी ने ड्राइवर के खिलाफ दर्ज कराई FIR, गांव के लोगों ने की कार्रवाई की मांग


विज्ञापन
Ranjit Singh

लेखक के बारे में

By Ranjit Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन