1300 सफाई कर्मियों की हड़ताल से बिहारशरीफ की सड़क पर 750 टन कचरा जमा, व्यवस्था ठप होने से शहरवासी परेशान

फैला हुआ गंदगी
हरनौत नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से शहर में कचरे का अंबार लग गया है। गंदगी और दुर्गंध से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है।
Biharsharif Municipal Workers Strike : बिहारशरीफ समेत पूरे बिहार के नगर निकायों में सफाईकर्मियों और ड्राइवरों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी है. राज्यभर में हजारों सफाईकर्मी और ड्राइवर काम पर नहीं लौटे हैं. इसका असर अब शहरों की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है. गली-मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर कचरे का ढेर लग गया है. बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है.
हरनौत नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. नगर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर लग गए हैं और डोर-टू-डोर कचरा उठाव बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थिति यह है कि घरों से निकलने वाला कचरा जमा होता जा रहा है, जबकि बाजार और सड़कों पर भी गंदगी फैलती जा रही है. आम दिनों में जहां नियमित सफाई होती थी, वहां अब बदबू और गंदगी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. खासकर बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और राहगीरों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं.
पूरी तरह ठप पड़ी कचरा उठाव की व्यवस्था
नगर पंचायत में सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 8 टीपर और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए कचरा उठाया जाता है. इनमें गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग व्यवस्था होती है. दो ट्रैक्टर-ट्रॉली गीले कचरे के लिए और आठ टीपर के साथ दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सूखे कचरे के उठाव में लगाए जाते हैं.
लेकिन हड़ताल के कारण यह पूरी व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है. न तो घरों से कचरा उठाया जा रहा है और न ही बाजार की सफाई हो पा रही है. इसका सीधा असर पूरे नगर की साफ-सफाई पर देखने को मिल रहा है.
प्रमुख सड़कों और बाजारों में गंदगी का अंबार
हरनौत के गोनावां रोड पर हर-हर महादेव धर्मशाला से लेकर श्रीराम जानकी मंदिर तक, रांची रोड, बीज बाजार, चंडी मोड़ रोड, कल्याण बिगहा रोड और स्टेशन रोड जैसे प्रमुख इलाकों में कूड़े के ढेर जमा हो गए हैं. इन जगहों पर गंदगी और दुर्गंध के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो स्थिति और भी खराब हो सकती है. दुकानदारों ने भी चिंता जताई है कि गंदगी के कारण ग्राहकों की आवाजाही पर असर पड़ रहा है.
त्योहारों के बीच बढ़ा बीमारी का खतरा
इस समय मानसून का मौसम है और सावन माह के साथ नागपंचमी जैसे धार्मिक पर्व भी चल रहे हैं. ऐसे समय में सफाई व्यवस्था बाधित होने से संक्रमण और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है.
अगर हड़ताल लंबी चली तो मोहल्लों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरे का अंबार लग सकता है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है. लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की है.
122 सफाई कर्मी हड़ताल पर, मांगों को लेकर प्रदर्शन
राज्यव्यापी आंदोलन के तहत हरनौत नगर पंचायत के करीब 122 सफाई कर्मी गुरुवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय के पास प्रदर्शन किया और सभा आयोजित कर नारेबाजी की.
प्रदर्शन में कुंदन कुमार, आशा देवी, बेला देवी, कमला देवी, इंद्रदेव मांझी, बब्लू मल्लिक, अमर मल्लिक सहित अन्य सफाई कर्मी शामिल हुए और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की बात कही.
प्रशासन के सामने चुनौती, समाधान का इंतजार
वर्तमान हालात को देखते हुए यह साफ है कि हरनौत नगर पंचायत के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है. एक तरफ सफाई कर्मियों की मांगें हैं, तो दूसरी ओर आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
अब सबकी नजर प्रशासन पर टिकी है कि वह कब तक इस समस्या का समाधान निकालता है. अगर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और भी बिगड़ सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










