बिहार के इन 6 जिलों में तेज आंधी-बारिश मचाएगा कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट

सांकेतिक तस्वीर
Bihar Weather : बिहार में मौसम ने पिछले 24 घंटे में ऐसा यू-टर्न लिया कि लोग सहम गए. आंधी, बारिश और बिजली गिरने से कई जिलों में नुकसान हुआ और जनजीवन प्रभावित रहा.. राहत की बात यह है कि अब कई जिलों में मौसम सुधर रहा है, लेकिन कुछ इलाकों में खतरा अभी टला नहीं है.
Bihar Weather : बिहार में पिछले 24 घंटों में आंधी-बारिश ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, रविवार को सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में कुदरत का कहर जारी रह सकता है. इन इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है. प्रशासन ने इन जिलों के लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.
राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इन इलाकों में धूप निकलेगी और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. यानी जिन इलाकों में मौसम शांत रहेगा, वहां गर्मी फिर से दस्तक देने लगेगी.
24 घंटे में क्यों मचा हड़कंप?
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार, यह अचानक आया बदलाव पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर बने एक चक्रवात और 70 नॉट्स की रफ्तार से चल रही पछुआ जेट स्ट्रीम के कारण हुआ है. इसी सिस्टम ने पिछले 24 घंटों में तापमान को 14 डिग्री सेल्सियस तक गिरा दिया, जिससे मार्च के महीने में लोगों को फिर से कंबल निकालने पर मजबूर होना पड़ा.
इस बदले मौसम के कारण दिन के तापमान में 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. फारबिसगंज, अररिया, मुजफ्फरपुर और पटना जैसे जिलों में पारा तेजी से गिरा, जिससे लोगों को फिर से ठंड का अहसास होने लगा.
आगे मौसम क्या संकेत दे रहा है?
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार यानी 23 मार्च से 25 मार्च तक पूरे बिहार में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. हालांकि, चैन की यह सांस लंबी नहीं होगी. 26 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे महीने के अंत में एक बार फिर तेज हवाएं और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है.
साफ हवा से लोगों को राहत
इस तबाही के बीच एक अच्छी खबर यह है कि बिहार की हवा अब पूरी तरह साफ हो गई है. बारिश की वजह से धूल के कण बैठ गए हैं और पटना का AQI गिरकर महज 44 पर आ गया है. भागलपुर और गया में तो यह आंकड़ा 25 से 30 के बीच पहुंच गया है, जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है.
Also Read: बिहार में आंधी-तूफान फिर मचाएगा कहर, मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए जारी की चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




