बांकीपुर में अभिषेक आउट, नीरज कुमार सिन्हा इन, प्रशांत किशोर बोले- बीजेपी को कैंडिडेट भी नहीं मिल रहा

Updated:
विज्ञापन
बांकीपुर में प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर

बांकीपुर में प्रचार के दौरान प्रशांत किशोर

Bankipur By Election: बिहार की बांकीपुर सीट पर उप-चुनाव के लिए नामांकन के बाद बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक बंटी के हटने और नीरज सिन्हा को नया टिकट मिलने से सियासी घमासान छिड़ गया है. प्रशांत किशोर ने इसे जनता का डर बताया है.

विज्ञापन

Bankipur By Election: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी द्वारा ऐन वक्त पर अपना उम्मीदवार बदले जाने से राज्य का सियासी पारा चढ़ गया है. इस बड़े उलटफेर पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक और खुद चुनावी मैदान में उतरे प्रशांत किशोर ने हमला बोला है. उन्होंने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जो बीजेपी पूरे देश में दूसरी पार्टियों के प्रत्याशियों को भगाती है, उसका खुद का कैंडिडेट यहां जनता के डर से मैदान छोड़कर भाग गया है. पीके ने तंज कसते हुए कहा कि जिस बांकीपुर को बीजेपी अपना मजबूत किला मानती थी और अहंकार में कहती थी कि यहां किसी को भी खड़ा कर दें तो जीत पक्की है, आज उसी सीट पर उन्हें चुनाव लड़ाने के लिए कैंडिडेट तक नहीं मिल रहा है.

आरजेडी का दावा: बीजेपी ने अपने कार्यकर्ता की बलि चढ़ाई

लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का हाथ बताया है. आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने आरजेडी से हारने के डर से अपने ही पुराने कार्यकर्ता की बलि चढ़ा दी है और यह बदलाव बीजेपी की शिकस्त का पहला पड़ाव है. उन्होंने दावा किया कि आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता की क्षेत्र में बेहद मजबूत पकड़ है और वैश्य, पिछड़ा व प्रगतिशील समाज के एकमंच पर आने से बीजेपी नेतृत्व घबरा गया है. आरजेडी के मुताबिक, कैंडिडेट बदलने से बीजेपी के जमीनी कार्यकर्ताओं में भारी निराशा है.

अभिषेक बंटी के इनकार के बाद नीरज कुमार सिन्हा बने नए चेहरा

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर शुक्रवार को एनडीए खेमे में भारी उठापटक देखने को मिली. महज एक दिन पहले यानी गुरुवार को बीजेपी के टिकट पर पूरे दलबल के साथ नामांकन करने वाले अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी ने शुक्रवार शाम अचानक चुनाव लड़ने से मना कर दिया. उन्होंने बकायदा बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इस बात का आधिकारिक ऐलान किया. इस घटनाक्रम के कुछ ही देर बाद बीजेपी आलाकमान ने मुस्तैदी दिखाते हुए नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित कर दिया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

30 जुलाई को वोटिंग और 3 अगस्त को आएंगे नतीजे, मुकाबला हुआ त्रिकोणीय

यह सीट बीजेपी के कद्दावर नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने और विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी. बांकीपुर में उपचुनाव के लिए आगामी 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे, जबकि 3 अगस्त को इसके नतीजे घोषित किए जाएंगे. नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई है. बांकीपुर सीट पर अब तक मुख्य रूप से बीजेपी और विपक्षी महागठबंधन के बीच ही सीधी टक्कर देखने को मिलती थी, लेकिन इस बार प्रशांत किशोर के खुद चुनावी मैदान में उतरने से यह मुकाबला पूरी तरह त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प हो गया है. महागठबंधन की तरफ से आरजेडी ने एक बार फिर रेखा गुप्ता पर भरोसा जताया है, जो साल 2025 के नियमित चुनाव में नितिन नवीन से हार गई थीं.

इसे भी पढ़ें: पटना-मुजफ्फरपुर समेत 6 शहरों से हरियाणा के लिए चलेंगी सरकारी AC बसें, जुलाई के अंत तक शुरू होगी सेवा


विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन