बिहार में 48 घंटे 44 डिग्री की झुलसाने वाली गर्मी और लू का अलर्ट, IMD ने बताया कब मिलेगी राहत

Updated at : 12 Apr 2026 7:25 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar Weather Alert 12 April 2026

सांकेतिक तस्वीर

Bihar Weather Alert: अप्रैल की शुरुआत के साथ ही बिहार में मौसम ने खतरनाक संकेत देने शुरू कर दिए हैं. रोहतास का डेहरी 38 डिग्री के करीब पहुंचकर राज्य का सबसे गर्म इलाका बन गया है. मौसम विभाग की चेतावनी है कि अगले 3 से 4 दिनों में तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है.

विज्ञापन

Bihar Weather Alert: बिहार में सूरज के तेवर अब जानलेवा होने लगी हैं. शनिवार को रोहतास का डेहरी इलाका राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 38 डिग्री तक जा पहुंचा.

आलम यह है कि दोपहर होते ही सड़कें सूनी होने लगी हैं और गर्म पछुआ हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना दूभर कर दिया है. दिन का उजाला होते ही समूचा बिहार भट्टी की तरह तप रहा है.

44 डिग्री की तपिश

आने वाले चार दिन बिहारवासियों के लिए अग्निपरीक्षा की तरह होने वाले हैं. IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी देखी जाएगी. दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है.

सबसे ज्यादा चिंता की बात ‘लू’ की आशंका है. दक्षिण बिहार के जिलों में गर्म हवाओं का ऐसा झोंका चलेगा जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है.

क्या बारिश कराएगी राहत का अहसास?

तपती धूप के बीच हर कोई आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठा है कि कब बादल बरसेंगे. लेकिन मौसम विभाग की भविष्यवाणी दिल तोड़ने वाली है. 18 अप्रैल तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है.

आसमान बिल्कुल साफ रहेगा, जिसका मतलब है कि धूप की सीधी किरणें धरती को और ज्यादा तपाएंगी. शुष्क मौसम और ऊपर से बढ़ती तपिश न केवल आम जनजीवन को प्रभावित कर रही है, बल्कि खेतों में खड़ी फसलों पर भी इसका बुरा असर पड़ने की आशंका है.

दोपहर में ‘कर्फ्यू’ जैसे हालात

बदलते मौसम ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है. डॉक्टरों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर निकलना ‘हीट स्ट्रोक’ को दावत देने जैसा है. शरीर को हाइड्रेट रखना अब विकल्प नहीं, बल्कि जरूरत बन गया है.

इस मौसम में हल्का और ताजा भोजन ही संजीवनी है. अगर आपको तेज सिरदर्द या चक्कर आने जैसे लक्षण महसूस हों, तो इसे सामान्य थकान समझने की गलती न करें, यह लू का शुरुआती संकेत हो सकता है.

किसानों के लिए जरूरी एडवाइजरी

मौसम के इस मिजाज को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी तैयार फसलों की कटाई और भंडारण का काम जल्द से जल्द पूरा कर लें, ताकि तेज धूप और गर्म हवाओं से फसल की गुणवत्ता प्रभावित न हो. साथ ही पशुओं को भी दोपहर के समय छायादार स्थानों पर रखने और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाने के निर्देश दिए गए हैं.

फिलहाल बिहार वासियों को आने वाले एक सप्ताह तक प्रचंड गर्मी और उमस भरे मौसम का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा.

Also Read: बिहार को मिलेगा दूसरा टाइगर रिजर्व, VTR से भी बड़ा होगा, मंत्री ने दी सहमति

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन