Bihar Politics: बंगाल के सियासत में एंट्री करेंगे तेज प्रताप यादव? JJD की 1 फरवरी की बैठक में हो सकता है बड़ा एलान

Tej Pratap Yadav
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में अपने अनूठे अंदाज के लिए चर्चित तेज प्रताप यादव अब एक नई राजनीतिक पिच पर बैटिंग करने की तैयारी में हैं. JJD अब न केवल बिहार के स्थानीय चुनावों में उतरेगी, बल्कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में भी अपनी किस्मत आजमाएगी.
Bihar Politics: बिहार की सियासत में ‘सेकंड लालू’ कहे जाने वाले तेज प्रताप यादव अब अपनी राजनीतिक बिसात को बिहार की सरहदों से बाहर ले जाने की तैयारी में हैं. 1 फरवरी को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक इस दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है.
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनशक्ति जनता दल JJD के प्रदेश अध्यक्ष जय सिंह राठौड़ ने इस बात की पुष्टि की कि तेज प्रताप यादव किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने बंगाल चुनाव और पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर स्पष्ट संदेश भेजा है. इसी कड़ी में 1 फरवरी को JJD की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है, जिसमें संगठन और चुनावी राजनीति को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं.
बंगाल चुनाव पर तेज प्रताप की नजर
जय सिंह राठौड़ ने साफ कहा कि जनशक्ति जनता दल(JJD) पश्चिम बंगाल में भी चुनाव लड़ेगी. खासतौर पर उन इलाकों पर पार्टी का फोकस रहेगा, जहां बिहारी आबादी की संख्या अधिक है. उनका मानना है कि इन क्षेत्रों में JJD को स्वाभाविक जनसमर्थन मिल सकता है.
तेज प्रताप यादव की पहचान बिहार की राजनीति में एक अलग तेवर वाले नेता के रूप में रही है और अब बंगाल में उतरकर वह अपने राजनीतिक प्रभाव को राष्ट्रीय स्तर पर फैलाने की कोशिश कर सकते हैं.
सकारात्मक राजनीति का दावा
JJD के प्रदेश अध्यक्ष जय सिंह राठौड़ ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार सरकार के कई मुद्दों पर पार्टी की चुप्पी को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए. JJD नकारात्मक राजनीति या आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में विश्वास नहीं करती. पार्टी हर मुद्दे पर सोच-समझकर और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनी बात रखती है.
स्थानीय चुनावों में भी दिखेगा दमखम
जय सिंह राठौड़ ने कहा कि आने वाले समय में स्थानीय निकायों के उपचुनाव और शिक्षकों के चुनाव में JJD पूरी मजबूती के साथ भाग लेगी. इससे साफ है कि पार्टी बिहार के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराना चाहती है.
राष्ट्रीय राजनीति की ओर बढ़ता कदम
तेज प्रताप यादव का बंगाल चुनाव लड़ने का फैसला अगर औपचारिक रूप से घोषित होता है तो यह JJD को एक क्षेत्रीय दल से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जाएगा. 1 फरवरी की बैठक अब सिर्फ एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जेजेडी की भविष्य की राजनीति तय करने वाला दिन साबित हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




