ePaper

भागलपुर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी,प्रशासन अलर्ट, चप्पे-चप्पे की हो रही तलाशी

Updated at : 17 Feb 2026 2:13 PM (IST)
विज्ञापन
Bhagalpur-News

Bhagalpur Collectorate Complex

Bhagalpur News: बिहार में बम धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला भागलपुर से सामने आया है, जहां कलेक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है. ईमेल के जरिए मिली इस चेतावनी में समाहरणालय परिसर में विस्फोटक रखे जाने का दावा किया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया.

विज्ञापन

Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जिले के सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र यानी समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) को बम से उड़ाने की धमकी मिली. ईमेल के जरिए मिली इस सनसनीखेज धमकी ने पूरे प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए हैं.

भागलपुर सिविल कोर्ट को मिली पिछली धमकी के बाद अब सीधे कलेक्ट्रेट को निशाना बनाने की बात कही गई है. धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया है कि परिसर के भीतर बम प्लांट किया गया है और जल्द ही बड़ा विस्फोट होगा. इस सूचना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है और पूरे इलाके को सील कर दिया गया है.

जांच के लिए उतरी एक्सपर्ट्स की टीमें

जैसे ही कलेक्ट्रेट को उड़ाने की खबर फैली, आनन-फानन में पूरे परिसर को खाली करा लिया गया. अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच खौफ का माहौल है. सुरक्षा के मद्देनजर समाहरणालय के सभी प्रवेश द्वारों को बंद कर दिया गया है और आने-जाने वाले हर शख्स की गहन तलाशी ली जा रही है.

मौके पर बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंच चुकी है. पुलिस के जवान फाइलों के ढेर से लेकर परिसर में खड़ी गाड़ियों और झाड़ियों तक की बारीकी से जांच कर रहे हैं. डीएसपी ट्रैफिक और डीएसपी शहरी क्षेत्र खुद इस पूरे सर्च ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं.

आखिर कौन है ‘ईमेल’ वाला मास्टरमाइंड?

बिहार में पिछले दो हफ्तों से सरकारी संस्थानों और अदालतों को निशाना बनाने का एक अजीब सिलसिला शुरू हो गया है. भागलपुर से पहले राज्य के कई अन्य जिलों के कोर्ट को भी इसी तरह ईमेल के जरिए धमकियां मिल चुकी हैं.

भागलपुर पुलिस की साइबर सेल अब उस ईमेल एड्रेस और आईपी लोकेशन को ट्रैक करने में जुटी है, जहां से यह मैसेज भेजा गया था. पुलिस का मानना है कि यह किसी असामाजिक तत्व की शरारत हो सकती है, लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सख्ती से किया जा रहा है.

आम जनता से की गई शांति की अपील

लगातार मिल रही धमकियों ने बिहार पुलिस की चिंता बढ़ा दी है. भागलपुर प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक न करें. समाहरणालय परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और पुलिस का कहना है कि जब तक पूरे परिसर को ‘क्लीन चिट’ नहीं मिल जाती, तब तक अलर्ट जारी रहेगा. पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की झूठी अफवाह फैलाकर दहशत पैदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

Also Read: बिहार के 12 लाख गरीबों का इंतजार खत्म, जल्द मिलेगा पक्के मकान के लिए पैसा

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन