गयाजी में अवैध बालू पकड़ने गई पुलिस पर पथराव, बेकाबू भीड़ को खदेड़ने के लिए हुआ लाठीचार्ज

Published by :Pratyush Prashant
Published at :13 Apr 2026 3:02 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar News 13 April 2026

गया में अवैध बालू पकड़ने पर पुलिस की कार्रवाई

Bihar News: बिहार के गयाजी जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़ा बवाल हो गया. सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर अचानक भीड़ ने हमला कर दिया और पथराव शुरू कर दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार के गयाजी में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अवैध बालू के खिलाफ छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया. सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के कर्मा रोड पर हुई इस हिंसक झड़प में पुलिस और भीड़ के बीच जमकर टकराव हुआ.

माफियाओं के इशारे पर उग्र हुई भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए कड़ा रुख अपनाते हुए लाठीचार्ज करना पड़ा.

माफियाओं ने पुलिस को घेरा

घटना की शुरुआत तब हुई जब पुलिस को कर्मा रोड पर अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों के गुजरने की गुप्त सूचना मिली. जैसे ही टीम ने मौके पर पहुंचकर एक बालू लदे ट्रैक्टर को रोका, चालक ने चालकी दिखाते हुए सड़क पर ही बालू अनलोड कर दिया.

इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों और माफिया के गुर्गों ने पुलिस को घेर लिया. भीड़ का तर्क था कि जब ट्रैक्टर खाली है, तो पुलिस उसे जब्त क्यों कर रही है. यह बहस चंद मिनटों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई और चारों तरफ से ईंट-पत्थर बरसने लगे.

टूटे गाड़ियों के शीशे

अचानक हुए इस हमले में एक पुलिस वाहन का शीशा चकनाचूर हो गया और पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा. स्थिति को हाथ से निकलता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और लाठीचार्ज शुरू किया. लाठियां चटकते ही उपद्रवी गलियों में दुबक गए.

इस कार्रवाई के बाद मौके पर भारी तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस टीम पर पत्थरबाजी करते लोग साफ नजर आ रहे हैं.

दो उपद्रवी हिरासत में

सिंधुगढ़ थाना अध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब उन चेहरों की पहचान कर रही है जिन्होंने भीड़ को पुलिस पर हमले के लिए उकसाया था.

गयाजी के इस इलाके में अवैध बालू खनन एक बड़ी समस्या बनी हुई है और पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि खाकी पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.

गयाजी से संदीप कुमार और संजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट

Also Read: बिहार में पुलिस पर हमला, शराब की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी टीम

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन