टोल प्लाजा पर नया डिजिटल नियम लागू, कागज अपडेट नहीं तो तुरंत कटेगा ई-चालान

Toll plaza
Bihar News: राज्य में परिवहन विभाग ने टोल प्लाजों पर अत्याधुनिक ई-डिटेक्शन सिस्टम लागू कर दिया है, जो वाहन गुजरते ही उसकी डिजिटल जांच करेगा. राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के सहयोग से तैयार यह व्यवस्था इंश्योरेंस, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण-पत्र की वैधता तुरंत जांचेगी और गड़बड़ी मिलने पर सेकंडों में ई-चालान जारी कर देगी.
Bihar News: बिहार परिवहन विभाग ने राज्य के 41 टोल प्लाजा पर ई-डिटेक्शन सिस्टम (e-Detection System) को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है.
अब जैसे ही आपकी गाड़ी टोल बूथ से गुजरेगी, वहां लगे हाई-टेक कैमरे गाड़ी के कागजातों की ‘डिजिटल हेल्थ रिपोर्ट’ स्कैन कर लेंगे. अगर कोई भी दस्तावेज अधूरा मिला, तो मोबाइल पर चालान का मैसेज आने में कुछ ही सेकंड लगेंगे.
टोल प्लाजा अब बनेंगे डिजिटल चेकपॉइंट
राज्य में अब टोल प्लाजा सिर्फ टैक्स वसूली का केंद्र नहीं रहेंगे, बल्कि वाहनों की डिजिटल जांच का भी अहम बिंदु बनेंगे. जैसे ही कोई वाहन टोल पार करेगा, सिस्टम उसकी इंश्योरेंस, फिटनेस और प्रदूषण प्रमाण-पत्र की वैधता तुरंत जांचेगा. दस्तावेज अमान्य या समाप्त मिलने पर ई-चालान जारी हो जाएगा.
इस तकनीक को राष्ट्रीय स्तर पर संचालित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के सहयोग से विकसित किया गया है, जिससे प्रक्रिया पूरी तरह स्वचालित हो गई है. टोल प्लाजा पर लगे हाई-रेजोल्यूशन कैमरे वाहन की नंबर प्लेट और फास्टैग स्कैन करते हैं. इसके बाद वाहन का विवरण केंद्रीय डेटाबेस से मिलाया जाता है. पूरी प्रक्रिया कुछ सेकंड में पूरी हो जाती है. इससे पारदर्शिता भी बढ़ेगी और नियमों का पालन भी सुनिश्चित होगा.
अब 41 प्लाजा पर फुल रोलआउट
परिवहन सचिव राज कुमार के अनुसार, पहले चरण में 31 टोल प्लाजा पर इसका सफल ट्रायल किया गया था. इसके पोजेटिव रिजल्ट को देखते हुए अब 10 और नए प्लाजा को इस नेटवर्क से जोड़ दिया गया है.
दीदारगंज, मोहनिया, सासाराम, और पूर्णिया के मरंगा समेत राज्य के लगभग सभी प्रमुख रूट अब इस डिजिटल रडार की जद में हैं. भागलपुर, खारीक और बक्सर के दालसागर जैसे इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अब विशेष सावधानी बरतनी होगी.
भारी जुर्माने से बचना है, तो ये 3 काम जरूर करें
इस डिजिटल सिस्टम की मार से बचने का एकमात्र तरीका है कि आप अपने दस्तावेजों को अपडेट रखें. सफर पर निकलने से पहले इन बातों का खास ख्याल रखें, बीमा की अवधि समाप्त न हुई हो, कामर्शियल गाड़ियों के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट वैध होना जरूरी है.
प्रदूषण प्रमाण-पत्र न होने पर, तुरंत अपडेट कर लें. खास बात यह है कि यह सिस्टम 24 घंटे काम करता है, इसलिए रात के अंधेरे में भी नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं है.
इन जगहों पर तैनात है डिजिटल पुलिस
परिवहन विभाग ने जिन 41 जगहों की सूची जारी की है, उनमें कुल्हरिया, शाहपुर, रुन्नी सैदपुर, गोविंदपुर, और बारहिमा जैसे व्यस्त टोल प्लाजा शामिल हैं.
उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक के मुख्य राजमार्गों को इस ई-डिटेक्शन सिस्टम से कवर कर लिया गया है. विभाग का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सड़कों पर अनफिट गाड़ियों को चलने से रोकना है.
Also Read: होली पर बिहार आने वालों के लिए खुशखबरी, 4 जोड़ी और स्पेशल ट्रेन का ऐलान, अब मिलेगा कंफर्म टिकट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




