छठगीतों से भक्तिमय हुआ पूरा जिला

Published at :25 Oct 2017 4:43 AM (IST)
विज्ञापन
छठगीतों से भक्तिमय हुआ पूरा जिला

महापर्व छठ. चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू, लोगों ने की सूप व फलों की खरीदारी नहाय-खाय के साथ छठ व्रतियों ने शुरू किया व्रत का पालन गेहूं धोने व सुखाने के साथ छठ गीतों की सुनाई दे रही है गूंज खरीदारों की उमड़ रही है भीड़ आरा : लोक आस्था का महापर्व छठ का चार दिवसीय […]

विज्ञापन

महापर्व छठ. चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू, लोगों ने की सूप व फलों की खरीदारी

नहाय-खाय के साथ छठ व्रतियों ने शुरू किया व्रत का पालन
गेहूं धोने व सुखाने के साथ छठ गीतों की सुनाई दे रही है गूंज
खरीदारों की उमड़ रही है भीड़
आरा : लोक आस्था का महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया. सभी छठव्रतियों के घरों में नहाय-खाय का कार्यक्रम पूरा किया गया. इस अवसर पर चावल के साथ कद्दू की सब्जी व चने की दाल का भोजन छठव्रतियों ने ग्रहण किया. वहीं उनके द्वारा प्रसाद के रूप में पड़ोस के उन घरों में वितरण किया गया, जिन घरों में छठ व्रत नहीं हो रहा है. वहीं रिश्तेदारों के यहां भी छठव्रत का प्रसाद वितरित किया गया. छठ को लेकर हर तरफ आध्यात्मिक माहौल की स्थिति बन गयी है.
हर तरफ छठ गीतों की धूम मची हुई है. ध्वनि विस्तारक यंत्रों से बज रहे छठ गीतों से पूरा नगर छठमय लगने लगा है. वहीं घरों में भी महिलाओं द्वारा गाये जा रहे छठ व्रत की पारंपरिक गीत लोगों के मन को छू रहे हैं. छठ गीत पारंपरिक, कर्णप्रिय गीत लोगों को बरबस छठ के प्रति आस्था को जगा दे रहे हैं.
सजी हैं दुकानें, लोग कर रहे हैं खरीदारी: छठ व्रत को लेकर नगर की मुख्य बाजारों सहित मुहल्लों में भी पूजा सामग्री की दुकानें आकर्षक ढंग से सजायी गयी हैं. हर तरफ दुकानों की लंबी कतार लगी हुई है. इसमें नारियल की दुकान, कलसूप की दुकानें, ईख, शरीफा सहित अन्य दुकानों को सजाया गया है. वहीं सुबह से ही छठ व्रतियों तथा उनके परिजनों द्वारा पूजा सामग्री की खरीदारी की जा रही है. खरीदारों से पूरा बाजार पटा हुआ है. लोगों द्वारा खरीदारी का काम देर शाम तक किया जाता रहा.
गेहूं धोने व सुखाने का काम हुआ शुरू
छठ व्रत को लेकर महिला छठ व्रतियों द्वारा गेहूं धोने व सुखाने का काम शुरू कर दिया गया है. छठ व्रत की शुद्धता व पवित्रता को देखते हुए गेहूं धोने व सूखाने का काफी महत्व होता है. इसमें महिलाएं हमेशा पवित्रता का ध्यान रखती हैं तथा जहां गेहूं सुखाया जाता है, वहां उपस्थित रहकर उसकी रखवाली करती हैं ताकि कोई पक्षी या अन्य जीव उसे छू नहीं सके.
पूजा समितियों ने छठ व्रत को लेकर शुरू की तैयारी
छठ व्रत को लेकर सभी मुहल्लों को पूजा समितियों द्वारा छठ व्रतियों की सुविधा के लिए कई तरह की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. प्रकाश की व्यवस्था को लेकर सभी मुहल्लों में सड़कों के किनारे लाइट लगाने के लिए बांस-बल्ले गाड़े जा रहे हैं. वहीं छठ घाटों की सफाई के भी इंतजाम किये जा रहे हैं. पूजा समितियों द्वारा प्रति वर्ष प्रकाश की व्यवस्था सभी मुहल्लों में की जाती है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन