गुमला के घाघरा में बड़ी लूट: थाने से 100 मीटर दूर स्वर्ण व्यवसायी से अपराधियों ने 1 करोड़ का सोना और कैश लूटा
गुमला में व्यवसायी से 1 करोड़ की लूट, Pic Credit- AI
Gumla Crime News: गुमला जिले के घाघरा में सोमवार की शाम अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट को अंजाम दिया. थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर ‘हरिओम गहना घर’ के संचालक शशांक सोनी से हथियार के बल पर लगभग एक किलो सोना (कीमत ₹1 करोड़ से अधिक) और 50 हजार नगद लूट लिए गए. अपराधियों ने हवाई फायरिंग कर व्यवसायी और उनकी मां को सड़क पर गिरा दिया. एसडीपीओ सुरेश यादव के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं.
Gumla Crime News, गुमला (अजीत साहू की रिपोर्ट): गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम अपराधियों ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया जिसने पूरे जिले की पुलिसिंग पर सवालिया निशान लगा दिया है. थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित शहर के प्रसिद्ध प्रतिष्ठान ‘हरिओम गहना घर’ के संचालक शशांक सोनी के साथ एक करोड़ रुपये से अधिक की लूट हुई है. अपराधियों ने न केवल भारी मात्रा में सोना लूटा, बल्कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की.
घर पहुंचने से पहले ही घेर लिया
घटना सोमवार शाम लगभग 7:00 बजे की है. जानकारी के अनुसार शशांक सोनी अपनी मां के साथ दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे. उनकी गाड़ी की डिक्की में ग्राहकों के ऑर्डर का सोना, स्टॉक का करीब एक किलो सोना और दिन भर की बिक्री के 50 हजार रुपये रखे थे. लेकिन जैसे ही वे अपने आवास पहुंचने वाले थे, घर से महज 100 मीटर पहले पुटो रोड पर तीन बाइकों पर सवार 6 हथियारबंद अपराधियों ने उनकी स्कूटी रोक ली. अपराधियों ने हवाई फायरिंग करते हुए शशांक को निशाना बनाया, जिससे वे और उनकी मां सड़क किनारे गिर पड़े.
मां के सामने बेटे की कनपटी पर सटाया हथियार
अपराधियों की बेरहमी का आलम यह था कि उन्होंने शशांक की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और सामान निकालने को कहा. शशांक की मां ने अपने बेटे की जान की भीख मांगते हुए अपराधियों से उसे न मारने की गुहार लगाई. इसके बाद अपराधी स्कूटी की चाबी लेकर डिक्की में रखा लगभग एक किलो सोना और नगद लेकर फरार हो गए. शशांक सोनी के अनुसार, लूटे गए सोने की बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से भी अधिक है.
पुलिस की कार्यशैली पर भारी रोष
घटना की जानकारी मिलते ही गुमला एसडीपीओ सुरेश यादव और घाघरा थाना की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि थाने के मुख्य द्वार पर स्थित दुकान के मालिक के साथ इतनी पास में ऐसी बड़ी वारदात हो गई और पुलिस को भनक तक नहीं लगी. ग्रामीणों का कहना है कि जिले के इतिहास में आज तक इतनी बड़ी लूट नहीं हुई थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए