कांवरियों के लिए खुशखबरी : सावन से पहले मौसम ने ली करवट, काले बादल और तेज हवाओं ने बढ़ाई राहत

भागलपुर में मंगलवार दोपहर 12 बजे आसमान में छाये बादल की तस्वीर.
Sawan Weather Update : 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन से पहले ही मौसम ने राहत भरी करवट ली है. घने काले बादल और तेज हवाओं ने उमस और गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी है. यह बदलाव कांवरियों और किसानों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद साबित होगा.
Sawan Weather Update : 30 जुलाई से सावन मास की शुरुआत होने जा रही है, लेकिन उससे एक दिन पहले ही मौसम ने अपना रंग बदल लिया. मंगलवार सुबह से आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं. पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को इस बदलाव ने बड़ी राहत दी. शाम तक वातावरण पूरी तरह सावन जैसा महसूस होने लगा और लोगों ने मौसम का आनंद लिया.
अगस्त में भी बारिश के अच्छे संकेत
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी. अगस्त महीने में भी अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है. इससे खेती-किसानी को लाभ मिलने के साथ-साथ तापमान में भी गिरावट बनी रह सकती है. किसानों के लिए यह मौसम धान सहित अन्य खरीफ फसलों के लिहाज से अनुकूल माना जा रहा है.
कांवरियों के लिए राहत लेकर आया मौसम
मौसम में आए इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा सावन में जलाभिषेक के लिए निकलने वाले कांवरियों को मिलेगा. 30 जुलाई से लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज की गंगा से पवित्र जल लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना होंगे. काले बादलों की मौजूदगी और ठंडी हवाओं के कारण यात्रा अपेक्षाकृत अधिक आरामदायक रहने की उम्मीद है. इससे दिन के समय तेज धूप और उमस से भी राहत मिलेगी.
श्रावणी मेले की शुरुआत से पहले बढ़ी उत्सुकता
श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे चुका है. दूसरी ओर मौसम का बदला मिजाज श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा रहा है. यदि आने वाले दिनों में बादल और हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो कांवर यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुखद और सुरक्षित हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ललित किशोर मिश्र
ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










