bhagalpur news. डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर 18.70 करोड़ ऐंठने वाले दो आरोपित वैशाली व पटना से गिरफ्तार

चुनिहारी टोला निवासी रत्ना गुप्ता व प्रभाष गुप्ता को डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर 18.70 लाख रुपये ऐंठने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने वैशाली और पटना जिले से गिरफ्तार किया है
चुनिहारी टोला निवासी रत्ना गुप्ता व प्रभाष गुप्ता को डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर 18.70 लाख रुपये ऐंठने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने वैशाली और पटना जिले से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के मकंदपुर निवासी ताराकांत प्रसाद (50) व पटना जिले के पाटलीपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी लावराना मार्ग नंबर दो निवासी दुर्गानंद मिश्रा (45) है. दोनों के पास से पुलिस ने तीन मोबाइल, एक लैपटॉप बरामद किये हैं. मालूम हो कि पुलिस ने इस मामले में पूर्व में ही एक आरोपित समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी के सूरत हसनपुर निवासी अविनाश कुमार (23) को गिरफ्तार कर लिया था. अविनाश के खाते में 9.70 लाख का ट्रांजेक्शन हुआ था, जबकि वैशाली व पटना से गिरफ्तार किये गये आरोपित लाइजनर का काम करते थे. सूचना मिली है कि दोनों आरोपितों ने ही अविनाश को साइबर ठगों के गिरोह से पटना में मिलवाया था. ये दोनों आरोपित साइबर ठगी के रकम को एक खाते से दूसरे खातों में ट्रांसफर कराने का भी काम करते थे. दोनों का लिंक बिहार के कई जिलों के अलावा यूपी, दिल्ली, जोधपुर, जयपुर शहरों में है. पुलिस ने दोनों आरोपितों से सघन पूछताछ की है. पुलिस का दावा है कि दोनों की निशानदेही पर जल्द ही अन्य अपराधियों की भी गिरफ्तारी होगी. जानकारी मिली है कि चार जनवरी को दंपती को डिजिटल अरेस्ट का झांसा दिया गया और अगले दो दिनों तक दोनों को झांसे में रखकर अपराधियों ने 18.70 लाख रुपये की ठगी कर ली थी. मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर व पुलिसअधीक्षक नगर भागलपुर शैलेंद्र सिंह, साइबर डीएसपी सह साइबर थाने के थानाध्यक्ष कनिष्क श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. इसके बाद टीम ने राज्य के अलग अलग शहरों में छापेमारी की. जानकारी मिली है कि इस मामले में पुलिस की छापेमारी अभी जारी है. पुलिस टीम में पुलिस अवर निरीक्षक शिव कुमार सुमन, रामकृष्ण, प्रशांत कुमार, अशोक कुमार, कल किशोर, रवि कुमार, तकनीकी टीम के धर्मेंद्र कुमार, नीतीश कुमार भी शामिल थे. कंबोडिया में बैठे सरगना की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल सेल से मदद लेगी पुलिस
डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर रकम ऐंठने के मामले में पुलिस को पता चला है कि इस गिरोह का सरगना कंबोडिया में है. वहीं से वह लोगों को भ्रमित कर अपने जाल में फंसाता है. भागलपुर साइबर थाना पुलिस के पास इस बात के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं. पुलिस राष्ट्रीय स्तर पर विदेशों से अपराधियों को भारत लाने वाले स्पेशल सेल की मदद लेने की भी तैयारी कर रही है. दूसरी तरफ फ्रीज किये गये जिन खातों में बाकी की रकम का ट्रांसजेक्शन हुआ है, वैसे आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमरी कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




