Bhagalpur News.टीएनबी ने भागलपुर क्रिकेट क्लब को हरा कर बनायी फाइनल में जगह

भागलपुर क्रिकेट क्लब.
–भागलपुर ए डिवीजन जिला क्रिकेट लीग में खेला गया दूसरा सेमीफाइनल –16 को टीएनबी क्रिकेट क्लब और यूथ कॉर्नर के बीच फाइनल मुकाबला भागलपुर ए डिवीजन जिला क्रिकेट लीग 2025–26 के अंतर्गत सैंडिस कंपाउंड स्टेडियम में शुक्रवार को दूसरा सेमीफाइनल खेला गया. टीएनबी क्रिकेट क्लब ने रोमांचक संघर्ष में भागलपुर क्रिकेट क्लब को दो विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भागलपुर क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में 10 विकेट खोकर 205 रन बनाये. टीम की ओर से सचिन भारद्वाज ने 78 गेंदों पर 90 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे. अमित कुमार ने 23 रन और विशाल सिंह ने 18 रन का योगदान दिया. टीएनबी सीसी की ओर से गेंदबाजी में अजय कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच ओवर में 28 रन देकर चार विकेट झटके. उनके अलावा संजीव और अभिषेक कुमार को एक-एक सफलता मिली. 206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीएनबी क्रिकेट क्लब की टीम की शुरुआत संतुलित रही. कुमार गौरव राज ने 62 गेंदों पर 84 रन की प्रभावशाली पारी खेली, जबकि अविनाश चंद्रवंशी ने नाबाद 54 रन बनाकर टीम को जीत दिलायी. टीएनबी सीसी ने 34.1 ओवर में 8 विकेट खोकर 209 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया. भागलपुर क्रिकेट क्लब की ओर से रौशन झा ने दो विकेट लिये, जबकि संजीव को एक विकेट मिला. लेकिन टीम लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी. अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए अजय कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अब लीग का फाइनल मुकाबला 16 फरवरी को टीएनबी क्रिकेट क्लब और यूथ कॉर्नर के बीच खेला जायेगा. फाइनल को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




