ePaper

bhgalpur news. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी आखिरी चरण में, मंदिर से लेकर बाजार तक तक बढ़ी रौनक

Updated at : 13 Aug 2025 10:48 PM (IST)
विज्ञापन
bhgalpur news. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी आखिरी चरण में, मंदिर से लेकर बाजार तक तक बढ़ी रौनक

शहर के विभिन्न ठाकुरबाड़ी व मंदिर में 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भजन-कीर्तन व विविध आयोजन होगा.

विज्ञापन

शहर के विभिन्न ठाकुरबाड़ी व मंदिर में 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भजन-कीर्तन व विविध आयोजन होगा. बूढ़ानाथ मंदिर में महाआरती का कार्यक्रम होगा. श्रीकृष्णलला के आगमन को लेकर घर से लेकर बाजार तक तैयारी शुरू हो गयी है. श्रद्धालुओं में उत्साह देखते ही बन रहा है. कहीं अष्टयाम, तो कहीं भजन-कीर्तन, तो कहीं भंडारा का आयोजन होगा. अलग-अलग ठाकुरबाड़ी में भगवान के जन्मोत्सव पर विशेष पूजन के साथ विभिन्न प्रकार के नैवेद्य युक्त प्रसाद अर्पित किये जायेंगे. भागलपुर में 16 अगस्त शनिवार को 70 से अधिक मंदिर व ठाकुरबाड़ी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनायी जायेगी. सर्वार्थ सिद्धि योग में होगा अष्टमी का व्रत भद्रपद्र माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को भगवान श्री कृष्ण का जन्म उत्सव मनाया जायेगा. इस साल जन्माष्टमी 16 अगस्त शनिवार के दिन मनाया जायेगा. पंडित समीर मिश्रा ने बताया कि श्रीकृष्ण का जन्म अष्टमी का व्रत सर्वार्थ सिद्धि योग में होगा. सूर्योदय के वक्त अष्टमी तिथि रहेगी, इसलिए उदया तिथि की परंपरा के मुताबिक ज्यादातर मंदिरों में इसी दिन जन्माष्टमी मनायी जायेगी. 2025 में भगवान श्री कृष्ण का 5252 वां जन्मोत्सव मनाया जायेगा. अष्टमी तिथि का प्रवेश 15 अगस्त को रात्रि 1:06 से आरंभ होकर शनिवार को रात्रि 10:37 तक रहेगा. उदया तिथि का मान होने के कारण 16 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जायेगा. वही रोहिणी नक्षत्र का प्रवेश प्रातः काल 8:19 से शनिवार के दिन होने के कारण रात्रि में रोहिणी नक्षत्र शनिवार को होगा. इसके कारण जन्माष्टमी का पर्व 16 तारीख को मनाया जायेगा. महिलाएं तैयार कर रही हैं व्यंजन, बाजार में पालना व पोशाक की बढ़ी बिक्री श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर महिला संघ की ओर से महिलाओं द्वारा व्यंजन तैयार किये जा रहे हैं. संचालिका मीरा देवी ने बताया महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है. धनिया पंजीरी 500 रुपये किलो, अजवाइन पंजीरी 450 रुपये किलो, बादाम चक्की 1100 रुपये किलो, मगज चक्की 1000 रुपये किलो, काजू चक्की 1000 रुपये किलो, नारियल चक्की 600 रुपये किलो, मूंगफली चक्की 500 रुपये किलो, गोंदपाक 900 रुपये किलो, फाफर लड्डू 450 रुपये किलो, फाफर गोंद लड्डू 700 रुपये किलो, पेड़ा 600 रुपये किलो, मूंगफली, पेठा 400 रुपये किलो, परवल 30 रुपये पीस, गुलाब जामुन 25 रुपये पीस, पुआ 20 रुपये पीस, चिप्स 20 रुपये पैकेट उपलब्ध है. वहीं जन्माष्टमी को लेकर बाजार में बाल गोपाल के लिए पालना व पोशाक की बिक्री बढ़ गयी है. भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित बांसुरी, मयूर पगड़ी, मटकी आदि भी बिक रहे हैं, जो आकर्षक ढंग से सजाये गये हैं. इसके अलावा फल बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है. दरअसल, उस दिन कई श्रद्धालु फलाहार व्रत करते हैं. बूढ़ानाथ व जगन्नाथ मंदिर में होगा भजन-कीर्तन का आयोजन बूढ़ानाथ व जगन्नाथ मंदिर में जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा. यहां भजन-कीर्तन का आयोजन होगा. इसे लेकर महंत शिवनारायण गिरि, प्रबंधक वाल्मिकी सिंह आदि लगे हैं. नया बाजार स्थित जगन्नाथ मंदिर के पंडित सौरभ मिश्रा ने बताया कि भजन-कीर्तन के साथ प्रसाद वितरण कार्यक्रम होगा. खाटू श्याम मंदिर में सजेगा दरबार, बाहर के कलाकार करेंगे भजनों की प्रस्तुति मंदरोजा स्थित खाटू श्याम मंदिर व प्राचीन खाटू श्याम मंदिर, चुनिहारी टोला में बाबा का दरबार सजाया जायेगा. रात आठ बजे भजन-कीर्तन होगा. बाहर के कलाकार भजन की महफिल सजायेंगे. आर्य समाज मंदिर, दीपनगर में हवन यज्ञ, प्रवचन व भजन-कीर्तन होगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान प्रकाशचंद्र गुप्ता करेंगे. इधर, साहित्य सफर की ओर से विचार गोष्ठी होगी. जन्माष्टमी के अवसर पर बरारी पुरानी ड्योढ़ी स्थित कन्हैया मंदिर में 16 अगस्त को रात आठ बजे राधा-कृष्ण, बलभद्र व गरुड़ भगवान की प्रतिमा स्थापित की जायेगी. प्रतिमा स्थापना के साथ अधिवास पूजा होगी. पूजा के बाद परंपरागत तरीके से कौड़ी लुटायी जायेगी. इसमें मोहल्ला की महिलाएं, युवा व बच्चे शामिल होंगे. देर रात तक भजन-कीर्तन होगा. दूसरे दिन 24 घंटे के लिए अष्टयाम संकीर्तन का शुभारंभ होगा. संकट मोचक दरबार, घंटाघर में मनेगी जन्माष्टमी शनिवार को रात्रि 12 बजे संकट मोचक दरबार में भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी मनायी जायेगी और अखंड संकीर्तन शुरू होगा. इससे पहले दोपहर में साईं बाबा की पालकी भ्रमण होगा. दूसरे दिन रविवार को सुबह 11 से शाम छह बजे तक महाभंडारा होगा. इसके बाद अखंड संकीर्तन की पूर्णाहुति होगी. शहर के राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी, चुनिहारी टोला, सबौर राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी छोटी हाट, कन्हैया मंदिर बरारी, बाल सुबोधिनी पाठशाला गली, अलीगंज स्थित राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी, कुपेश्वरनाथ मंदिर, दुधेश्वरनाथ महादेव मंदिर, टाउन हॉल आदि में जन्माष्टमी आयोजन होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
NISHI RANJAN THAKUR

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन