Bhagalpur news देवरी महेशपुर को 2-0 से हरा चांयटोला कैथपुरा बना चैंपियन

34वें सर्वोदय चुनौती पदक फुटबॉल प्रतियोगिता बंशीपुर का फाइनल मुकाबला फुटबॉल क्लब देवरी महेशपुर और फुटबॉल क्लब चांयटोला कैथपुरा के बीच खेला गया.
महाशिवरात्रि पर आयोजित 34वें सर्वोदय चुनौती पदक फुटबॉल प्रतियोगिता बंशीपुर का फाइनल मुकाबला फुटबॉल क्लब देवरी महेशपुर और फुटबॉल क्लब चांयटोला कैथपुरा के बीच खेला गया. चांयटोला कैथपुरा की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया. दोनों टीमों ने पूरे मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन किया. पहले हाफ में दोनों टीम गोल करने में असफल रही. दूसरे हाफ के 23वें मिनट में चांयटोला कैथपुरा के खिलाड़ी आयुष ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलायी. 29वें मिनट में आनंद ने दूसरा गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी.
फाइनल मुकाबले का उद्घाटन पूर्व सांसद सह गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, जिप सदस्य सोनी देवी, पूर्व जिप सदस्य अशोक कुमार आलोक तथा पूर्व प्रमुख रानी देवी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया. पुरस्कार वितरण समारोह में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा की उपाध्यक्ष अर्पणा कुमारी, जिप सदस्य सोनी देवी, जनार्दन आजाद तथा ममलखा के मुखिया अभिषेक अर्णव ने विजेता व उपविजेता टीम को शील्ड व पुरस्कार देकर सम्मानित किया. मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आयुष को, मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार आनंद को तथा बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार अभिमन्यु को प्रदान किया गया. टूर्नामेंट के निर्णायक दीपक कुमार, संजीव कुमार व भीम कुमार थे. कमेंट्री मनोज कुमार, उदय किशोर, सुधांशु कुमार एवं विभाष कुमार ने की. मौके पर जनप्रतिनिधियों और गण्यमान्य व्यक्तियों के साथ फुटबॉल प्रेमी दर्शक मैदान के चारों ओर उपस्थित थे. मध्याह्न में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया.
नवगछिया टाइगर 79 रनों से मैच जीता
नवगछिया क्रिकेट लीग बोर्ड के तत्वावधान में नवगछिया क्रिकेट लीग 1 का दूसरा मुकाबला नवगछिया टाइगर व नवगछिया स्टार के बीच हाई स्कूल जयरामपुर में खेला गया. उद्घाटन समाजसेवी अनुकूल राज उर्फ झाबो ने किया. मौके पर बोर्ड के अध्यक्ष सरोज झा, सचिव संतोष कुमार उपस्थित थे. टॉस जीत कर नवगछिया टाइगर पहले खेलते हुए 259 रन बनायी. जवाब में नवगछिया स्टार 180 रन बना कर ऑल आउट हो गयी. नवगछिया टाइगर ने यह मैच 79 रन से जीता. मैच के अंपायर राजेश कुमार व सुधांशु सिंह थे. मैन ऑफ द मैच रोशन कुमार को घोषित किया गया. बोर्ड के संयोजक घनश्याम प्रसाद ने बताया कि कल तीसरा मुकाबला बोरवा खगड़ा, नवगछिया में नवगछिया सिटी वर्सेस नवगछिया टाइगर के बीच होगा.प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




