ePaper

bhagalpur news. जिले के 61 परीक्षा केंद्रों पर मैट्रिक परीक्षा शुरू

Updated at : 18 Feb 2026 1:11 AM (IST)
विज्ञापन
bhagalpur news. जिले के 61 परीक्षा केंद्रों पर मैट्रिक परीक्षा शुरू

जिले के 61 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार से मैट्रिक परीक्षा शुरू हुई

विज्ञापन

जिले के 61 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार से मैट्रिक परीक्षा शुरू हुई. केंद्रों पर सख्ती से दोनों पाली मिलाकर कुल 863 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी. पहले दिन दोनों पाली में मातृभाषा की परीक्षा शांतिपूर्ण हुई. परीक्षार्थियों ने कहा कि प्रश्नपत्र आसान पूछे गये थे. परीक्षार्थियों ने अच्छे अंक आने की उम्मीद जतायी है. प्रथम पाली में 22,349 उपस्थित व 401 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. जबकि द्वितीय पाली में 22,391 उपस्थित व 462 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. जबकि दोनों पाली में निष्कासन एक भी नहीं हुई. जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण ढंग से कराये गये. किसी केंद्र से गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की है कि निर्धारित समय सुबह नौ बजे से एक घंटा पहले पहुंचे. अभिभावकों से अपील की है कि केंद्रों के बाहर भीड़ नहीं लगाये. आदर्श परीक्षा केंद्र पर एक संदिग्ध परीक्षार्थी पुलिस को चकमा देकर फरार

पहले ही दिन दो केंद्रों पर विवाद होते-होते बचा. प्रशासन की तत्परता से मामला शांत हुआ. दरअसल, इंटर स्तरीय जिला स्कूल आदर्श परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में प्रवेश के समय परीक्षार्थियों की जांच की जा रही थी. इसी बीच एक संदिग्ध परीक्षार्थी पकड़े गये. एडमिट कार्ड की तस्वीर व चेहरे में अंतर मिलने पर सुरक्षा कर्मियों को आशंका हुई, जिसमें उससे पूछताछ की गयी. इसी क्रम में परीक्षार्थी मौका देख कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर केंद्राधीक्षक सक्रिय हुए.

दूसरी घटना कहलगांव अनुमंडल के गुरु कृपा एकेडमी परीक्षा केंद्र पर हुई, जहां दो छात्राओं को शादी के बाद बदली तस्वीर के कारण परीक्षा से रोक दिया गया. अभिभावकों के विरोध के बाद स्थिति स्पष्ट हुई और दोनों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी गयी. संबंधित पदाधिकारी की शिकायत बिहार बोर्ड के ऑब्जर्वर, जिला शिक्षा पदाधिकारी व डीएम कार्यालय में की गयी है.

केंद्रों के बाहर उतरवाया जूता

कई परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों को प्रवेश करने से इसलिए रोक दिया गया कि जूता-मोजा पहन कर आये थे. साथ ही उन महिला परीक्षार्थी को भी रोका, जिन्होंने गले में लॉकेट व कान में झुमका पहन रखा था. उतारने के बाद प्रवेश दिया गया.

लेट से आने पर शिक्षकों को लौटाया

विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देश शिक्षकों पर भी भारी पड़ा. मारवाड़ी पाठशाला केंद्र पर प्रथम पाली में दो महिला शिक्षिका सुबह 9.05 मिनट पर पहुंची थी. उन्हें केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया. हालांकि, दोनों शिक्षिका मोबाइल से केंद्राधीक्षकों से संपर्क कर प्रवेश देने के लिए कहा. परीक्षा समिति के निर्देश का पालन किया गया. दूसरी तरफ मारवाड़ी कन्या पाठशाला केंद्र पर दो परीक्षार्थी को निर्धारित समय से नहीं आने पर प्रवेश नहीं दिया गया. बरारी उच्च विद्यालय, मिरजानहाट स्कूल, उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल असानंदपुर में देरी से आने पर परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया. करीब एक दर्जन परीक्षार्थियों की देर से आने पर परीक्षा छूट गयी.

केंद्रों के बाहर से अभिभावकों को हटाया

शहर के जिला स्कूल, राजकीय बालिका उच्च विद्यालय, मारवाड़ी पाठशाला, टीएनबी कॉलेजिएट स्कूल, बरारी उच्च विद्यालय, सीसी बालिका उच्च विद्यालय आदि परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े अभिभावकों को पुलिस ने हटाया. केंद्रों से 100 मीटर की दूरी तक धारा 163 लागू था.

परीक्षा अच्छा जाने पर परीक्षार्थियों में खुशी

सीएमएस उच्च विद्यालय केंद्र से परीक्षा देकर निकले छात्र सुमित कुमार व सौरभ ने बताया कि मातृभाषा के तहत हिंदी विषय की परीक्षा थी. काफी आसान सवाल पूछे गये थे. ऐसी ही अन्य विषयों के सवाल पूछा जाये. छात्र इकबाल व मो जिसान ने बताया कि उर्दू विषय से पूछे गये सवाल काफी आसान थे.

आज की परीक्षा

बुधवार : दोनों पाली में गणित विषय

विज्ञापन
ATUL KUMAR

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

ATUL KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन