योग से विकसित भारत का सपना होगा साकार, भागलपुर में बोले कृषि मंत्री विजय सिन्हा

Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन

भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान में आयोजित योग महोत्सव में योगाभ्यास करते कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, जनप्रतिनिधि व अन्य.

International Yoga Day 2026: सैंडिस कंपाउंड में उमड़ा जनसैलाब, योग महोत्सव में मंत्री विजय सिन्हा ने कहा- योग सनातन संस्कृति का अमूल्य वरदान है.

विज्ञापन

भागलपुर से दीपक राव की रिपोर्ट

International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भागलपुर की सिल्क सिटी पूरी तरह योगमय नजर आई.सैंडिस कंपाउंड मैदान में आयोजित भव्य योग महोत्सव में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि योग सनातन संस्कृति का ऐसा वरदान है जो मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और शरीर व प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करता है. उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से पूरे भारत को स्वस्थ, ऊर्जावान और विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है.

सैंडिस कंपाउंड में हुआ भव्य योग महोत्सव

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर वशिष्ठ योग फाउंडेशन, भागलपुर इकाई की ओर से ग्रो करो के सहयोग से सैंडिस कंपाउंड मैदान में विशाल नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया. सुबह 6 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और सामूहिक योगाभ्यास किया.

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, विधायक रोहित पांडेय, एमएलसी एनके यादव, भाजपा नेता अर्जित शाश्वत चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान सभी अतिथियों ने स्वयं भी योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया.

योग से रोगमुक्त और संतुलित जीवन का संदेश

योग गुरु धीरज वशिष्ठ के मार्गदर्शन में आयोजित विशेष प्रशिक्षण सत्र में योग एवं प्राणायाम की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया गया. उन्होंने कहा कि नियमित योग और प्राणायाम व्यक्ति को न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं.

योग गुरु ने बताया कि यदि व्यक्ति नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करे तो वह वृद्धावस्था तक सक्रिय, ऊर्जावान और निरोग रह सकता है. कार्यक्रम में योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया.

योगमय दिखी सिल्क सिटी, हर ओर हुआ योगाभ्यास

विश्व योग दिवस के अवसर पर भागलपुर के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और क्लबों की ओर से योग शिविर, जागरूकता अभियान और सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए. शहर के पार्क, मैदान, सार्वजनिक स्थल और घरों तक में लोग योग करते नजर आए.

पूरे दिन सिल्क सिटी में योग के प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक रहा. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया.

दुर्गाबाड़ी परिसर में 25 आसन और आठ प्राणायाम

मशाकचक स्थित दुर्गाबाड़ी परिसर में आयोजित योग शिविर में योग शिक्षक निरुपमकांति पाल ने लोगों को 25 प्रकार के योगासन और आठ प्रकार के प्राणायाम का अभ्यास कराया. इस दौरान योग के वैज्ञानिक और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की भी जानकारी दी गई.

वहीं भागलपुर जिला योग समिति की ओर से जयप्रकाश उद्यान स्थित योग स्थल पर भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रशिक्षकों ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला.

जागरूकता रैली से दिया योग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मां आनंदी संस्था की ओर से प्रभातफेरी निकालकर योग के प्रति जागरूकता फैलायी गयी. संस्था की संस्थापिका प्रिया सोनी के नेतृत्व में महिलाओं और युवतियों को योगाभ्यास कराया गया.

इसके अलावा बोधि ट्री योग हेल्थ क्लब की ओर से डॉ. राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में सैंडिस कंपाउंड के आसपास जागरूकता रैली निकाली गई. रैली के माध्यम से लोगों को योग अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया.

व्यापारियों ने भी अपनाया योग का मंत्र

इस्टर्न बिहार चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से चेंबर सभागार में विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया. बिहार योग विद्यालय, मुंगेर के प्रशिक्षकों ने व्यापारियों और आम लोगों को योगाभ्यास कराया.

चेंबर अध्यक्ष शरद सलारपुरिया ने कहा कि व्यस्त जीवनशैली में योग मानसिक तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चेंबर सदस्य और व्यापारी शामिल हुए.

Also Read : भागलपुर एयरपोर्ट से 20 सीटर विमान उड़ान को मंजूरी, आसपास के मकानों का सत्यापन शुरू

विज्ञापन
AMIT KR SINHA

लेखक के बारे में

By AMIT KR SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन