Re-NEET 2026: जहानाबाद के चार केंद्रों पर होगी परीक्षा, तीन स्तरीय जांच के बाद ही मिलेगी एंट्री
NEET Re-exam
Re-NEET 2026: जहानाबाद में NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है. जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर करीब दो हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. अभ्यर्थियों को तीन स्तरीय जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा.
जहानाबाद से मृत्युंजय कुमार की रिपोर्ट
Re-NEET 2026: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) री-एग्जाम के लिए जहानाबाद में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर करीब दो हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था से लेकर अभ्यर्थियों और अभिभावकों की सुविधाओं तक विशेष तैयारी की है.
दोपहर 1:30 बजे के बाद नहीं मिलेगी एंट्री
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक पाली में आयोजित होगी. अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू होगा. हालांकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. एनटीए और जिला प्रशासन ने समय से पहले केंद्र पहुंचने की अपील की है.
परीक्षा से पहले केंद्रों पर कराई गई मॉक ड्रिल
री-एग्जाम की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल कराई गई. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित आपूर्ति, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया और अन्य सुविधाओं की जांच की गई. अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.
तीन स्तर की जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को तीन चरणों की जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा. सबसे पहले एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र की जांच होगी. इसके बाद मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली जाएगी. अंतिम चरण में बायोमेट्रिक सत्यापन और उपस्थिति दर्ज होने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिलेगा.
सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी और पुलिस बल तैनात
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी केंद्रों पर नेटवर्क जैमर लगाए गए हैं. सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से हर गतिविधि की निगरानी की जाएगी. सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, नोट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया और साइबर कैफे पर प्रशासन की पैनी नजर
पेपर लीक और अफवाहों की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की विशेष निगरानी की जाएगी. किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा फोटोस्टेट दुकानों, साइबर कैफे और कोचिंग संस्थानों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी.
पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
NEET 2026 री-एग्जाम के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और पुलिस बलों की तैनाती की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए. पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Karuna Tiwari
करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










