bhagalpur news. भागलपुर में खुलेगा हीफर स्टेशन, 500 बछियाओं के पालन व कृत्रिम गर्भाधान के लिए 30 एकड़ में बनेगा केंद्र

प्रमंडलीय मुख्यालय होने के नाते भागलपुर में 500 की क्षमता वाले हीफर स्टेशन और कृत्रिम गर्भाधान केंद्र (एआइ सेंटर) की स्थापना की तैयारी शुरू हो गयी है.
बिहार सरकार की पशुपालन विकास योजना के तहत भागलपुर को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. प्रमंडलीय मुख्यालय होने के नाते भागलपुर में 500 की क्षमता वाले हीफर स्टेशन और कृत्रिम गर्भाधान केंद्र (एआइ सेंटर) की स्थापना की तैयारी शुरू हो गयी है. इस परियोजना के लिए जिला प्रशासन ने 20 से 30 एकड़ निःशुल्क भूमि की तलाश तेज कर दी है. जिलाधिकारी के निर्देश पर एक सप्ताह में मांगा गया भूमि का प्रस्ताव वरीय उप समाहर्ता (जिला विकास शाखा) ने अपर समाहर्ता और भूमि सुधार उपसमाहर्ता (सदर, कहलगांव व नवगछिया) को पत्र लिखकर जल्द से जल्द भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया है. जिलाधिकारी के निर्देश पर सदर अनुमंडल के गोराडीह अंचल को प्राथमिकता दी जा रही है. अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर भूमि का प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि प्रक्रिया को समय पर आगे बढ़ाया जा सके. ———— क्या होता है हीफर स्टेशन ? हीफर उन मादा बछियाओं को कहा जाता है, जिन्होंने अभी तक किसी बच्चे को जन्म नहीं दिया है. हीफर स्टेशन एक ऐसा उन्नत केंद्र होता है, जहां उच्च नस्ल की बछियाओं को वैज्ञानिक पद्धति से पाला जाता है. यहां उनके खान-पान, टीकाकरण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाता है, ताकि वे भविष्य में अधिक दूध देने वाली स्वस्थ गाय बन सकें. यह केंद्र स्थानीय किसानों के लिए आधुनिक पशुपालन सीखने का एक मॉडल भी बनता है. —————— क्या होता है कृत्रिम गर्भाधान केंद्र कृत्रिम गर्भाधान (आर्टिफिसियल इनसेमिनेशन) सेंटर भी स्थापित किया जायेगा. इसके माध्यम से स्थानीय गायों में उच्च गुणवत्ता वाले सांडों के सीमेन का उपयोग कर नस्ल सुधारी जाती है. जब नस्ल अच्छी होगी, तो अगली पीढ़ी की गायों की दूध देने की क्षमता प्राकृतिक रूप से काफी बढ़ जायेगी. प्राकृतिक गर्भाधान के दौरान होने वाले संक्रमण और बीमारियों के खतरे को यह तकनीक पूरी तरह खत्म कर देती है. ——————- किसानों को इस तरह मिलेगा लाभ भागलपुर और आसपास के जिलों के पशुपालकों के लिए यह केंद्र मील का पत्थर साबित होगा. उत्तम नस्ल की गायों की उपलब्धता बढ़ने से किसानों की आय में वृद्धि होगी. साथ ही, गोराडीह जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में इस बड़े केंद्र के खुलने से रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




