bhagalpur news. तेज आंधी-बारिश से सुलतानगंज में तबाही, झोपड़ियां गिरीं, फसल को नुकसान

Published by : ATUL KUMAR Updated At : 20 Mar 2026 11:49 PM

विज्ञापन

शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने सुलतानगंज प्रखंड के कई क्षेत्रों में भारी असर डाला

विज्ञापन

शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने सुलतानगंज प्रखंड के कई क्षेत्रों में भारी असर डाला. अचानक बदले मौसम के कारण कई जगह फूस की झोपड़ियां गिर गईं. हालांकि, राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. कमरगंज पंचायत के मुखिया भरत कुमार ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में चार फूस की झोपड़ियां गिर गईं, जिससे बकरी के कुछ बच्चे दब गए. हालांकि, स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी बकरी के बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया. वहीं असरगंज-शंभूगंज मुख्य मार्ग पर कष्टकारी के समीप सड़क पर पेड़ गिर जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया. बाथ थानाध्यक्ष मंटू कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटाकर यातायात बहाल कराया गया. करीब एक घंटे तक सड़क जाम की स्थिति बनी रही. आंधी के कारण कई जगह बिजली के तारों पर पेड़ गिर जाने से बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई. विभाग के जेई अरविंद कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है और बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल करने का काम जारी है. फसलों को नुकसान, किसान चिंतित तेज बारिश और हवा के कारण किसानों को भी नुकसान झेलना पड़ा है. नयागांव पंचायत के मुखिया संजीव विधान ने बताया कि कई जगह फसल को क्षति पहुंची है. वहीं ‘मेंगो मैन’ अशोक चौधरी ने कहा कि सरसों की कटाई के दौरान बारिश से नुकसान हुआ है. इसके अलावा मसूर, गेहूं और मकई की फसल को भी क्षति पहुंची है. हालांकि, आम के मंजर को आंशिक नुकसान हुआ है, लेकिन जो मंजर फल में बदल चुका है, उसे फायदा होने की संभावना है. तेज आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में एयरटेल के वाई-फाई नेटवर्क भी बाधित हो गए, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा. अचानक आई आंधी-बारिश ने जहां जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया. वहीं किसानों और आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ा. मौसम के इस बदलते मिजाज ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

विज्ञापन
ATUL KUMAR

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन