bhagalpur news. मूंछ वाले बजरंगबली के दरबार में उमड़ेगी आस्था, रामनवमी पर जुटेंगे हजारों श्रद्धालु
Published by : ATUL KUMAR Updated At : 27 Mar 2026 12:53 AM
सुलतानगंज अपर रोड के ध्वजागली स्थित मूंछ वाले बजरंगबली का मंदिर पूरे इलाके में आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है
सुलतानगंज अपर रोड के ध्वजागली स्थित मूंछ वाले बजरंगबली का मंदिर पूरे इलाके में आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. रामनवमी को लेकर यहां तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है. मूंछ वाले बजरंगबली का यह मंदिर न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्र के लोगों के विश्वास और सुरक्षा का भी केंद्र बना हुआ है. अनोखी प्रतिमा, अद्भुत आकर्षण मंदिर में स्थापित बजरंगबली की प्रतिमा बेहद अनोखी है. महावीर जी रौद्र रूप में होने के बावजूद चेहरे पर सौम्यता लिए हुए हैं. दोनों कंधों पर राम-लक्ष्मण को बैठाए, दांत निकाले हुए क्रोध की मुद्रा, लेकिन मुख पर शांत भाव का अद्भुत संगम श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है. पैरों से अहिरावण को दबाए उड़ने की मुद्रा में यह प्रतिमा लोगों की आस्था का केंद्र बनी हुई है. स्थानीय लोगों का मानना है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद जरूर पूरी होती है. यही वजह है कि दूर-दूर से भक्त यहां चढ़ावा चढ़ाने और दर्शन के लिए पहुंचते हैं. अगलगी की घटनाओं से मिली मुक्ति मंदिर के पुजारी मुनमुन झा बताते हैं कि लगभग सौ वर्ष पूर्व एक साधु के कहने पर यहां महावीर जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी. उस समय क्षेत्र में बार-बार आग लगने की घटनाएं होती थी, लेकिन प्रतिमा स्थापना के बाद ऐसी घटनाएं बंद हो गईं. तब से यहां नियमित पूजा-पाठ जारी है और लोग इसे चमत्कार के रूप में मानते हैं. रामनवमी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भव्य भंडारा का आयोजन किया जाएगा. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रामनवमी पर यहां भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा. मंदिर में विशेष तैयारी नगर के ध्वजागली स्थित प्रसिद्ध मूंछ वाले महावीर मंदिर में भी रामनवमी को लेकर विशेष तैयारी की गई है. यहां ध्वजारोहण धूमधाम से किया जाएगा और हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










