bhagalpur news. जिलाधिकारी ने फाइलेरिया की दवा खाकर शुरू किया अभियान
Published by : NISHI RANJAN THAKUR Updated At : 10 Feb 2026 11:35 PM
कम्युनिटी से किसी भी बीमारी को पूरी तरह खत्म करने के लिए मास स्तर पर लोगों को दवा खिलाने का अभियान चलाया जाता है. यह बातें जिलाधिकारी ने मंगलवार को राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कही.
कम्युनिटी से किसी भी बीमारी को पूरी तरह खत्म करने के लिए मास स्तर पर लोगों को दवा खिलाने का अभियान चलाया जाता है. यह बातें जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने मंगलवार को राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 17 दिनों तक चलने वाले सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम (एमडीए राउंड) का उद्घाटन करते हुए कही. इस अवसर पर उन्होंने स्वयं फाइलेरिया की दवा खाकर अभियान का शुभारंभ किया. डीएम ने कहा कि पोलियो और चेचक जैसी गंभीर बीमारियों से देश को मुक्त कराने में मास अभियान की बड़ी भूमिका रही है. अब सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम के माध्यम से फाइलेरिया जैसी बीमारी को भी जड़ से समाप्त करना है. एमडीए अभियान के तहत 14 दिनों तक स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर दो वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को उनकी उम्र के अनुसार फाइलेरिया की दवा का निर्धारित डोज देंगे. इस मौके पर उपविकास आयुक्त प्रदीप कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नागेंद्र कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ अशोक प्रसाद, जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ दीनानाथ, वेक्टर रोग नियंत्रण पदाधिकारी आरती कुमारी व कृति कुमारी, डब्ल्यूएचओ के जोनल को-ऑर्डिनेटर डॉ आशीष टीगा, पिरामल स्वास्थ्य की टीम, सीफार के सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट जय प्रकाश कुमार सहित जिला फाइलेरिया कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी व अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे. सिर्फ इन्हें दवा नहीं दी जायेगी अभियान के दौरान दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, एक सप्ताह के भीतर की धात्री माताओं व गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्तियों को दवा नहीं दी जायेगी. इस बात का ख्याल रखें साथ ही दवा खाली पेट नहीं खानी है. दवा सेवन से कम से कम चार घंटे पहले भोजन किया होना आवश्यक है. फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित डीएम ने स्पष्ट किया कि फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई साइड इफैक्ट नहीं होता है. उन्होंने अभियान की सफलता के लिए शिक्षा, आईसीडीएस, जीविका, पंचायती राज, पुलिस प्रशासन, महादलित विकास मिशन, आपूर्ति विभाग सहित सभी संबंधित विभागों से स्वास्थ्य विभाग को पूरा सहयोग देने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता समाज के सभी वर्गों की सहभागिता पर निर्भर करती है. जनसहयोग से ही फाइलेरिया मुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










