ऑटो की टक्कर से घायल बालक की मौत, मायागंज अस्पताल में फूटा परिजनों का गुस्सा

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 07 Jun 2026 10:32 AM

विज्ञापन

Bhagalpur Road Accident News : एक छोटी सी जरूरत ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी. घर से सामान खरीदने निकला 12 वर्षीय अमित तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आ गया. कई घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का दर्द गुस्से में बदल गया और मायागंज अस्पताल में देर रात तक हंगामे की स्थिति बनी रही

विज्ञापन

भागलपुर से ऋषव मिश्रा कृष्णा की रिपोर्ट

Bhagalpur News : भागलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. टीएनबी कॉलेजिएट के समीप तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आए 12 वर्षीय अमित कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया और परिजन आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे.

सामान लेने निकला था अमित, रास्ते में हुआ हादसा

मृतक अमित कुमार कोतवाली थाना क्षेत्र के टीएनबी कॉलेजिएट के समीप रहने वाले राजीव पासवान का पुत्र था. परिजनों के अनुसार शनिवार रात करीब नौ बजे वह घर से कुछ सामान खरीदने के लिए निकला था. इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित सीएनजी ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण कि गंभीर रूप से घायल हो गया बालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर लगते ही अमित सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज शुरू किया गया.

हादसे के बाद चालक को पकड़कर लोगों ने की पिटाई

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा. आक्रोशित लोगों ने ऑटो चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को भी जब्त कर लिया.

जिंदगी की जंग हार गया अमित

गंभीर चोटों के कारण अमित की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी. चिकित्सकों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. बालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में मातम छा गया.

मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में मचा हंगामा

अमित को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. अस्पताल परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई. लोग आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे. कुछ लोगों ने चालक को उनके हवाले करने की भी मांग की. इस दौरान पुलिस के प्रति भी नाराजगी देखने को मिली.

स्थिति बिगड़ने पर बंद करना पड़ा इमरजेंसी वार्ड का गेट

बढ़ते तनाव को देखते हुए जेएलएनएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड का मुख्य गेट कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया. अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया. बाद में स्थिति पर नियंत्रण पाया गया.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जायेगा शव

घटना की सूचना मिलने पर बरारी कैंप थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. वहीं मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

एक हादसे ने उजाड़ दिया परिवार

एक सामान्य शाम को घर से निकला मासूम अमित अब कभी अपने घर नहीं लौटेगा. सड़क हादसे में हुई उसकी मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया है. अस्पताल में बिलखते परिजनों की आंखों से बहते आंसू इस दर्दनाक हादसे की भयावहता को बयां कर रहे थे.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन