bhagalpur news. हॉस्टलों में अवैध स्टूडेंट मिलने पर नपेंगे अधीक्षक
Published by : ATUL KUMAR Updated At : 05 Apr 2026 1:20 AM
टीएमबीयू के डीएसडब्ल्यू प्रो अर्चना साह ने शनिवार को लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी स्थित पीजी गर्ल्स हॉस्टलों का औचक निरीक्षण किया
टीएमबीयू के डीएसडब्ल्यू प्रो अर्चना साह ने शनिवार को लालबाग प्रोफेसर कॉलोनी स्थित पीजी गर्ल्स हॉस्टलों का औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों की टीम ने बारी-बारी से सभी महिला हॉस्टलों का जायजा लिया. वहां की स्थिति व समस्या के बारे में छात्राओं से जानकारी ली. डीएसडब्ल्यू सबसे पहले कल्याण विभाग द्वारा संचालित पीजी ओबीसी गर्ल्स हॉस्टल पहुंची. यहां छात्राओं ने गार्ड की लापरवाही की शिकायत, मेस की स्थिति व सफाई आदि के बारे में अवगत कराया. ओबीसी गर्ल्स हॉस्टल की अधीक्षिका डॉ सीमा कुमारी से मोबाइल पर ही छात्रावास की वस्तुस्थिति की जानकारी ली. डीएसडब्ल्यू ने अधीक्षिका को अंडरटेकिंग देने के लिए कहा. साथ ही कहा कि उनके हॉस्टल में एक भी स्टूडेंट अवैध रूप से नहीं रह रही हैं. अंडरटेकिंग नहीं देने की स्थिति में या अवैध स्टूडेंट के आवासन का मामला मिलने पर कार्रवाई की जायेगी. मौके पर छात्राओं ने गार्ड की लापरवाही की शिकायत की. इस बाबत डीएसडब्ल्यू ने ड्यूटी पर तैनात महिला गार्ड को फटकार लगायी. कहा कि मामले की जानकारी कल्याण विभाग के अधिकारी को भी दी जायेगी. बता दें कि विवि परिसर में स्थित हॉस्टल का संचालन बिहार सरकार के कल्याण विभाग से होता है. इसमें कुल एक सौ छात्राएं रहती हैं. वहीं, विवि से संचालित महिला हॉस्टल संख्या एक, दो, तीन, चार व पांच का भी निरीक्षण की. गर्ल्स हॉस्टल पांच में पानी की आपूर्ति नहीं होने की शिकायत छात्राओं के साथ-साथ अधीक्षिका ने भी की. त्वरित संज्ञान लेते हुए डीएसडब्ल्यू ने विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग सेक्शन को तलब की. हॉस्टल में लगे नल सूखे हुए थे. मौके पर पहुंचे इंजीनियर मो शाबिर को छात्रहित में अविलंब पेयजल आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दी. अधीक्षकाओं ने छात्रावासों के संचालन में आ रही कठिनाई से भी अधिकारियों को अवगत कराया. समस्या के समाधान की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर प्रॉक्टर डॉ मुकेश कुमार सिंह, पीआरओ डॉ दीपक कुमार दिनकर आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










