रिजल्ट में गड़बड़ी को ले कॉमर्स छात्रों ने टीएमबीयू में तीन घंटे तक किया हंगामा

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 02 Oct 2018 7:42 AM

विज्ञापन

भागलपुर : तिलकामांझी भागलपुर विवि में पीजी कॉमर्स विभाग के चौथे सेमेस्टर (सत्र 2014-16) के छात्रों ने सोमवार को रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर हंगामा किया और धरना पर बैठे गये. करीब तीन घंटे तक विवि में अफरातफरी का माहौल बना रहा. छात्रों का कहना था कि पीजी कॉमर्स, मारवाड़ी कॉलेज, आरडी एंड डीजे कॉलेज […]

विज्ञापन
भागलपुर : तिलकामांझी भागलपुर विवि में पीजी कॉमर्स विभाग के चौथे सेमेस्टर (सत्र 2014-16) के छात्रों ने सोमवार को रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर हंगामा किया और धरना पर बैठे गये. करीब तीन घंटे तक विवि में अफरातफरी का माहौल बना रहा. छात्रों का कहना था कि पीजी कॉमर्स, मारवाड़ी कॉलेज, आरडी एंड डीजे कॉलेज के 80 प्रतिशत छात्रों को 15वें पेपर में पास मार्क्स से एक-दो अंक कम देकर फेल कर दिया गया है.
वहीं, एक छात्रा को 70 अंकों में 70 अंक दे दिये गये हैं. रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर करीब 11 बजे दो दर्जन से अधिक कॉमर्स के छात्र कुलपति से मिलने पहुंचे थे. लेकिन निजी सुरक्षा गार्ड ने कुलपति कार्यालय जाने वाले गेट को बंद कर दिया. इसे लेकर छात्र उग्र हो गये और हंगामा करने लगे. कुलपति व प्रतिकुलपति के विरोध में नारेबाजी करने लगे. आक्रोशित छात्र फिर धरना पर बैठ गये.
छात्रों ने बताया कि 30 अंकों के इंटरनल मूल्यांकन में उन्हें ठीक अंक मिले हैं. लेकिन 70 अंकों की सैद्धांतिक परीक्षा में 80 प्रतिशत छात्रों को पास मार्क्स 28 से एक-दो कम अंक देकर फेल कर दिया गया है. छात्रों ने दावा किया कि उनके 15-16 अंक के तो ऑब्जेक्टिव प्रश्न के ही जवाब सही थे. इसलिए बाकी प्रश्नों के हल के लिए 11-12 अंक ही मिलना बिल्कुल गलत है.
मूल्यांकन में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया. छात्रों ने बताया कि 20 से अधिक छात्रों को 26-27 अंक दिये गये हैं. वहीं, छात्रों के समर्थन में विवि छात्र संघ अध्यक्ष जयप्रीत मिश्र, एबीवीपी के जिला संयोजक कुश पांडेय, कॉमर्स संकाय के छात्र प्रतिनिधि रोहन कुमार, मारवाड़ी कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष करन शर्मा ने भी विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. अध्यक्ष जयप्रीत मिश्रा ने बताया कि मामले को लेकर कुलपति से मिलने के लिए कई बार फोन से बात की गयी. लेकिन टालमटोल किया जात रहा. इसे लेकर छात्रों की और नाराजगी बढ़ गयी. हंगामा की सूचना पाकर विवि थानाध्यक्ष संतोष शर्मा विवि पहुंचे. हंगामा कर रहे छात्रों को शांत कराया. थानाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद छात्र प्रतिनिधि व विवि प्रशासन के बीच वार्ता संभव हो पायी.
परीक्षा में अनुपस्थित किये गये छात्रों ने भी दिया धरना
पीजी कॉमर्स सत्र 2015-17 के सेमेस्टर टू के सातवें पेपर की परीक्षा में अनुपस्थित किये जाने पर कॉमर्स के छात्र-छात्राओं ने टीएमबीयू के परीक्षा विभाग के बाहर धरना पर बैठ गये. छात्रों का मांग था कि अविलंब सुधार कर रिजल्ट दिया जाये. छात्रों ने बताया कि मामले को लेकर गुरुवार को भी प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो राम प्रवेश सिंह से मिले थे.
उन्होंने दो दिन का समय मांगा था. सोमवार को आने पर कुछ और कहा जा रहा है. परीक्षा नियंत्रक डॉ अरुण कुमार सिंह से मिले, तो उनका कहना था कि आज ही ज्वाइन किया है. इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. हालांकि परीक्षा विभाग के अधिकारी ने छात्रों से वार्ता करने के बाद भरोसा दिलाया कि दो दिन में रिजल्ट में सुधार कर दिया जायेगा. इसके बाद धरना पर बैठे छात्र परीक्षा विभाग से हटे.
विवि ने सात दिनों का समय मांगा
मामले को लेकर विवि प्रशासन ने सात दिनों का समय मांगा है. प्रोक्टर डॉ विलक्षण रविदास ने बताया कि विवि प्रशासन छात्रों को मिले अंक की आंतरिक स्तर पर जांच करायेगा. गड़बड़ी की शिकायत सही मिली, तो मूल्यांकन फिर से कराया जायेगा. 70 में 70 अंक मिलने की भी जांच की जायेगी. गड़बड़ी पायी गयी, तो ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जायेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन