सावन में रेलवे का बड़ा तोहफा, भागलपुर और सुल्तानगंज के यात्रियों के लिए कई श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें, जानिए पूरा शेड्यूल

Updated:
विज्ञापन
Sawan Special Trains

Sawan Special Trains

Sawan Special Trains 2026: सावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है. श्रावणी मेले के दौरान भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है. इससे भागलपुर, सुल्तानगंज और आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी.

विज्ञापन

भागलपुर से लतित किशोर मिश्र की रिपोर्ट

Sawan Special Trains 2026: सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत का ऐलान किया है. श्रावणी मेले के दौरान होने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने कई श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. सबसे अहम फैसला यह है कि साहेबगंज-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस अब सावन के दौरान प्रत्येक रविवार श्रावणी मेला स्पेशल के रूप में चलेगी. इसके अलावा जयनगर, आसनसोल, रक्सौल, बढ़नी, देवघर और इतवारी के बीच भी विशेष ट्रेनों का संचालन होगा. इसका सीधा फायदा भागलपुर, सुल्तानगंज, बांका और आसपास के जिलों के यात्रियों को मिलेगा.

हर साल सावन में सुल्तानगंज से देवघर तक कांवर यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है. इसी चुनौती को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त रेल सेवाएं शुरू करने का फैसला लिया है ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके.

हर रविवार चलेगी साहेबगंज-दानापुर इंटरसिटी मेला स्पेशल

रेलवे की अधिसूचना के अनुसार 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार साहेबगंज-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस श्रावणी मेला स्पेशल के रूप में अपने पुराने रूट और निर्धारित समय पर संचालित होगी. इससे भागलपुर और सुल्तानगंज होकर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी.

श्रावणी मेले के दौरान स्टेशन पर मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के विशेष ठहराव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है ताकि यात्रियों को चढ़ने और उतरने में परेशानी न हो.

जयनगर-आसनसोल और रक्सौल-देवघर के बीच भी विशेष ट्रेनें

रेलवे ने 05597 जयनगर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल चलाने का भी फैसला किया है. यह ट्रेन 31 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रत्येक शुक्रवार और मंगलवार चलेगी. वापसी में आसनसोल से जयनगर के लिए शनिवार, सोमवार और बुधवार को सेवा उपलब्ध रहेगी.

यह ट्रेन चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और सिमुलतला सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. यात्रियों के लिए जनरल और स्लीपर क्लास की सुविधा उपलब्ध रहेगी.

इसी तरह 05545 रक्सौल-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल 31 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रत्येक शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को चलेगी. वापसी में देवघर से रक्सौल के लिए भी इन्हीं दिनों ट्रेन संचालित होगी. यह ट्रेन बांका, बाराहाट, भागलपुर और सुल्तानगंज सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरेगी.

Sawan Special Trains 2026: बढ़नी-देवघर के बीच प्रतिदिन चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने बढ़नी और देवघर के बीच प्रतिदिन अनारक्षित श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है.

05029 बढ़नी-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल 28 जुलाई से 29 अगस्त तक प्रतिदिन बढ़नी से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:00 बजे देवघर पहुंचेगी. यह ट्रेन मुंगेर, भागलपुर, बाराहाट और बांका सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी.

वहीं 05027 देवघर-बढ़नी श्रावणी मेला स्पेशल 29 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 6:45 बजे देवघर से रवाना होगी और अगले दिन बढ़नी पहुंचेगी. इस ट्रेन में जनरल और स्लीपर दोनों श्रेणियों के कोच उपलब्ध रहेंगे.

इतवारी-मधुपुर मेला स्पेशल भी चलेगी

रेलवे ने 08895/08896 इतवारी-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल के संचालन की भी घोषणा की है. मधुपुर से यह ट्रेन 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार संचालित होगी. इसमें यात्रियों के लिए जनरल सेकेंड क्लास, स्लीपर और एसी चेयर कार की सुविधा उपलब्ध रहेगी. दोनों दिशाओं में यह ट्रेन चित्तरंजन स्टेशन पर भी रुकेगी.

भागलपुर और सुल्तानगंज के यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भागलपुर, सुल्तानगंज और आसपास के जिलों की स्थानीय अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा है. सावन के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने से होटल, परिवहन, छोटे दुकानदार, फल विक्रेता, भोजनालय और स्थानीय कारोबारियों की आय बढ़ती है. अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से यात्रियों की भीड़ बेहतर तरीके से नियंत्रित होगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक बनने की उम्मीद है.

रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त रेल सेवाओं से सामान्य यात्रियों और कांवरियों दोनों को राहत मिलेगी. इससे ट्रेनों में भीड़ का दबाव भी कम होगा.

टिकट जांच अभियान में 313 मामले पकड़े गए

इधर भागलपुर मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता के निर्देश पर शुक्रवार को भागलपुर-जमालपुर रेलखंड में विशेष टिकट जांच अभियान भी चलाया गया. सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह के नेतृत्व में भागलपुर, सुल्तानगंज स्टेशन और 12335 भागलपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस, 13334 पटना-दुमका एक्सप्रेस, 13241 बांका-राजेंद्र नगर टर्मिनल एक्सप्रेस, 13409/13410 मालदा टाउन-भागलपुर इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों में जांच की गई.

अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा के 313 मामले पकड़े गए. रेलवे ने कुल 3,40,080 रुपये का जुर्माना भी वसूला. इस अभियान में वाणिज्य विभाग, टिकट जांच कर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की.

Sawan Special Trains 2026: श्रद्धालुओं से रेलवे की अपील

रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय और आरक्षण की स्थिति अवश्य जांच लें. बिना टिकट यात्रा से बचें और स्टेशन पर भीड़ के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें. श्रावणी मेले में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से इस बार बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम होने की उम्मीद है.

Also Read: हिरासत में लिए गए माले विधायक संदीप सौरभ, 25 जुलाई को बिहार बंद से पहले एक्शन में पुलिस

Also Read: पटना से दिल्ली सिर्फ साढ़े 9 घंटे में, जल्द मिलेगी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात, देखें पूरी डिटेल


विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन