अलग-अलग जगहों से छात्रा, युवती व युवक समेत तीन लापता

Published by : SATISH KUMAR Updated At : 19 Jan 2026 7:01 PM

विज्ञापन

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से एक छात्रा, एक युवती और एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं.

विज्ञापन

बेतिया. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से एक छात्रा, एक युवती और एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं. तीनों मामलों में परिजनों द्वारा संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस लापता लोगों की तलाश में जुट गई है. सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस तकनीकी जांच के साथ-साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. मनुआपुल थाना क्षेत्र से 19 वर्षीय युवती लापता मनुआपुल थाना क्षेत्र के एक गांव से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में युवती के पिता ने मनुआपुल थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है. थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता के आवेदन के आधार पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. एफआइआर के अनुसार युवती दिन के लगभग 10:30 बजे भोजन करने के बाद घर से बिना किसी को बताए निकल गई थी. दोपहर 12 बजे तक जब वह वापस नहीं लौटी और आसपास भी नजर नहीं आई, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. गांव में नहीं मिलने पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता लगाया गया, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है़ पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. नौतन की छात्रा बेतिया कॉलेज से लापता दूसरा मामला नौतन थाना क्षेत्र का है, जहां की रहने वाली एक छात्रा बेतिया के रामलखन सिंह यादव कॉलेज में पढ़ाई करने गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी. छात्रा के पिता ने नौतन थाने में एक मोबाइल धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पासवान ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और छात्रा की तलाश तेज कर दी गई है. एफआईआर के अनुसार छात्रा 14 जनवरी को दिन के करीब 11 बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आई. परिजनों ने जब उसकी खोजबीन की तो कहीं कोई सुराग नहीं मिला. पिता ने बताया कि छात्रा के मोबाइल पर एक नए नंबर से कॉल आया था। पूछताछ करने पर कॉल करने वाले व्यक्ति ने गलती से फोन लगने की बात कही, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. चनपटिया से युवक लापता, मोबाइल घर पर छोड़ा तीसरा मामला चनपटिया थाना क्षेत्र के टिकुलिया वार्ड संख्या 12 से सामने आया है. यहां के निवासी अशोक साह के 26 वर्षीय पुत्र अमीत कुमार के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. अमीत के पिता ने 16 जनवरी को चनपटिया थाने में प्राथमिकी दी. थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और युवक की तलाश जारी है. एफआईआर के अनुसार अमीत कुमार और उसकी पत्नी सलोनी देवी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था. दोनों 21 दिसंबर को हैदराबाद गए थे, जहां विवाद के बाद अमीत अपने तीन वर्षीय पुत्र को लेकर वापस घर आ गया, जबकि उसकी पत्नी मायके सुगौली चली गई. 14 जनवरी की शाम करीब पांच बजे अमीत बिना किसी को बताए घर से निकल गया. उसका मोबाइल फोन घर पर ही रह गया, जिससे परिजन और अधिक चिंतित हो गए. काफी खोजबीन के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है. फिलहाल तीनों मामलों में पुलिस सक्रिय रूप से जांच कर रही है. संबंधित थाना पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के आधार पर लापता लोगों की सकुशल बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SATISH KUMAR

लेखक के बारे में

By SATISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन