ट्यूशन जा रही छात्रा से कथित छेड़छाड़, विरोध पर परिवार को धमकी देने का आरोप
सांकेतिक तस्वीर
पश्चिम चंपारण के नवलपुर थाना क्षेत्र में ट्यूशन जा रही 13 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है. विरोध करने पर पीड़िता के परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई है. पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
West Champaran News: नवलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में ट्यूशन पढ़ने जा रही 13 वर्षीय छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. घटना का विरोध करने पर पीड़िता के परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. पीड़िता की मां के आवेदन पर पुलिस ने दो नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ट्यूशन जाते समय रास्ते में रोकने का आरोप
पीड़िता की मां ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 28 जुलाई की दोपहर करीब 3:30 बजे उनकी पुत्री साइकिल से कवलापुर ट्यूशन पढ़ने जा रही थी. आरोप है कि रास्ते में साहेब चौधरी एवं विकास यादव ने उसे रोककर कथित रूप से छेड़छाड़ की. छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
विरोध करने पर शिकायत वापस लेने का दबाव
आवेदन के अनुसार घटना की जानकारी मिलने के बाद जब परिजनों ने विरोध किया तो दोनों आरोपित उनके घर पहुंचे. आरोप है कि वहां गाली-गलौज करते हुए शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया तथा विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई. घटना के बाद से पीड़ित परिवार भय के माहौल में है.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
थानाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार ने बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर साहेब चौधरी एवं विकास यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है.
सभी बिंदुओं पर जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है. जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बगहा में 90 हजार की लूट का मामला फर्जी निकला, कलेक्शन एजेंट समेत तीन गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मधुकर मिश्रा
मधुकर मिश्र ने 1986 में आकाश मार्ग हिंदी दैनिक देवरिया उत्तर प्रदेश से पत्रकारिता की शुरुआत की थी. इसके बाद में दिल्ली और पटना से एक साथ प्रकाशित संध्या प्रहरी, आज, नवभारत टाइम्स में कार्य किए. इस क्रम में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ रह चुके हैं. वर्तमान में बेतिया प्रभात खबर हिंदी दैनिक सह मल्टीमीडिया कार्यालय से जुड़कर कार्य कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










