पश्चिम चंपारण में मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना को मिली रफ्तार, चयनित केंद्रों पर पहुंचे कंप्यूटर
कंप्यूटरों के साथ पुस्तकालयाध्यक्ष
मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना अब पश्चिम चंपारण में साकार हो रही है. चयनित छह विधानसभा क्षेत्रों के स्कूलों और पुस्तकालयों में कंप्यूटर की आपूर्ति शुरू हो गई है. इससे विद्यार्थियों को जल्द ही आधुनिक डिजिटल माध्यम से अध्ययन की सुविधा मिलेगी.
Bettiah News: मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना अब पश्चिम चंपारण में धरातल पर उतरने लगी है. योजना के तहत चयनित डिजिटल लाइब्रेरी केंद्रों पर सोमवार से कंप्यूटर की आपूर्ति शुरू कर दी गई है. कंप्यूटर उपलब्ध होने के बाद जल्द ही विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल माध्यम से अध्ययन की सुविधा मिलने लगेगी.
छह विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगी डिजिटल लाइब्रेरी
मुख्यमंत्री डिजिटल लाइब्रेरी योजना के तहत जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जा रही है. इसके लिए वाल्मीकिनगर के नदी घाटी योजना उच्च विद्यालय, रामनगर के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय भावल, नरकटियागंज के रेलवे प्रवेशिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, लौरिया के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय जवाहरपुर, नौतन के कमल साह उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा बेतिया के महाराजा हरेंद्र किशोर केंद्रीय पुस्तकालय का चयन किया गया है.
डिजिटल अध्ययन की मिलेगी आधुनिक सुविधा
डिजिटल लाइब्रेरी में हाईस्पीड इंटरनेट, कंप्यूटर, ई-बुक्स और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. इससे विद्यार्थी विषयवार डिजिटल कंटेंट का अध्ययन कर सकेंगे. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा.
महाराजा हरेंद्र किशोर पुस्तकालय पहुंचा 11 कंप्यूटर
महाराजा हरेंद्र किशोर केंद्रीय पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष ज्योति प्रकाश ने बताया कि पुस्तकालय में 11 कंप्यूटर सेट उपलब्ध करा दिए गए हैं. अन्य चयनित केंद्रों पर भी चरणबद्ध तरीके से कंप्यूटर और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इसके बाद इंस्टॉलेशन एवं नेटवर्किंग का कार्य पूरा कर विद्यार्थियों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी शुरू कर दी जाएगी.
जिले में डिजिटल शिक्षा को मिलेगी नई गति
जिला शिक्षा अधिकारी राजन कुमार ने कहा कि इस योजना से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान रूप से आधुनिक अध्ययन संसाधन उपलब्ध होंगे. डिजिटल लाइब्रेरी शुरू होने के बाद छात्रों को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर मिलेंगे.
यह भी पढ़ें: बगहा में 90 हजार की लूट का मामला फर्जी निकला, कलेक्शन एजेंट समेत तीन गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










