बेतिया: सावन और श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, प्रमुख शिवालयों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

बैठक में एसडीएम एसडीपीओ व अन्य
नरकटियागंज में श्रावणी मेला और सावन माह को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है. एसडीएम और एसडीपीओ की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिवालयों पर विशेष निगरानी और भीड़ नियंत्रण के दिशा-निर्देश दिए गए.
Bettiah News: नरकटियागंज में श्रावणी मेला और सावन माह के दौरान शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है. बुधवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा और एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में अनुमंडल के सभी बीडीओ, सीओ, पुलिस निरीक्षक और थानाध्यक्ष शामिल हुए. बैठक में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
प्रमुख शिवालयों की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने कहा कि सावन के दौरान छोटे-बड़े सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहना होगा. उन्होंने ऐतिहासिक बनवरिया शिवालय, सोफा मंदिर, नगर स्थित बिड़ला मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर और हरदीटेढ़ा शिवालय समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया.
सोमवार और शुक्रवार को चलेगी विशेष गश्त
एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को सावन के प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को विशेष गश्त करने का निर्देश दिया. उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में मनचलों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा. साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा फोकस
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी प्रमुख शिवालयों के आसपास साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. बैठक में बीडीओ सूरज कुमार सिंह, सीओ समन प्रकाश, पुलिस निरीक्षक संतोष शर्मा, सरफराज आलम, थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, संजय कुमार, संतोष कुमार सहित नरकटियागंज, सिकटा, गौनाहा, लौरिया और मैनाटांड़ के बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी और जवान सम्मानित, कमांडेंट ने दिया प्रशस्ति पत्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










